Haryana Crime: हत्या के लिए फायरिंग करने वाले दोनो युवक काबू, अवैध पिस्तोल बरामद

On: June 27, 2025 9:01 PM
Follow Us:
हत्या के लिए फायरिंग करने वाले दोनो युवक काबू, अवैध पिस्तोल बरामद

Haryana Crime: रेवाड़ी जिले के थाना खोल क्षेत्र में युवक पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गांव नांधा निवासी हिमांशु उर्फ सोनू और विकास के रूप में हुई है। इससे पहले पुलिस इस मामले में दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस जांचकर्ता के अनुसार, नांधा निवासी शिवम ने शिकायत में बताया था कि 18 जून को वह अपने घर पर था, तभी गेट के पास दो बाइकों की आवाज आई। बाहर आने पर उसने देखा कि चार युवक बाइक पर सवार होकर आए थे।

 

उनमें से एक युवक, जो गांव का ही हिमांशु था, बाइक से उतरते ही उस पर पिस्टल से गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली उसे नहीं लगी। गोली की आवाज सुनकर पास में रहने वाला दीपेश बाहर आया तो हिमांशु ने उस पर भी पिस्टल तान दी।Haryana Crime

शिकायत में बताया गया कि हमलावरों में गांव नांधा निवासी विकास, खोल निवासी नितीश उर्फ नैनी और एक अन्य युवक भी शामिल था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना खोल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने पहले ही नितीश उर्फ नैनी और सन्नी यादव को गिरफ्तार कर लिया था।

अब पुलिस ने वीरवार को कार्रवाई करते हुए हिमांशु उर्फ सोनू और विकास को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हिमांशु के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक अवैध देशी पिस्टल भी बरामद कर ली है।

दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि मामले की गहराई से पूछताछ की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़ी कड़ियों को जोड़ने और अन्य संभावित आरोपियों की जानकारी जुटाने के लिए पूछताछ जारी है।

Sunil Chauhan

सुनील चौहान हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 साल का अनुभव है और वे सामाजिक, प्रशासनिक और स्थानीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now