Delhi-NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में ठंड ने दस्तक दे दी है। सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है क्योंकि सर्द हवाओं ने ठंडक का एहसास बढ़ा दिया है। हालांकि दिन में मौसम खुशनुमा बना रहता है और धूप निकलने से ठंड से कुछ राहत मिलती है। सुबह हल्का कोहरा या स्मॉग कई इलाकों में नजर आता है, जो दृश्यता को कम करता है।
राजधानी की हवा इन दिनों जहरीली बनी हुई है और प्रदूषण का स्तर काफी ऊंचा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक आज सुबह 7 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 318 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है।
दिल्ली में आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली का मौसम साफ रहने की संभावना है। सुबह हल्का कोहरा या स्मॉग कई इलाकों में छाया रह सकता है, लेकिन दिन में धूप निकलने के साथ ये खत्म हो जाएगा।
आज अधिकतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। मंगलवार, 9 दिसंबर को आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन तापमान में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। सुबह कहीं-कहीं धुंध भी देखने को मिल सकती है।
नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के शहरों में मौसम
दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में भी सुबह के समय धुंध या हल्का कोहरा छाया रहेगा। गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी ऐसा ही मौसम रहेगा। इन शहरों में न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच होगा, जबकि अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। सुबह के समय ठंड अधिक महसूस होगी, लेकिन दिन में धूप निकलने के बाद सर्दी से राहत मिलेगी।
दिल्ली की हालिया तापमान और प्रदूषण स्थिति
रविवार को दिल्ली में सुबह धुंध छाई रही, लेकिन दिन में अच्छी धूप खिली। उस दिन न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम 24.7 डिग्री दर्ज किया गया था। सुबह की सापेक्ष आर्द्रता 92 प्रतिशत थी। बीते 24 घंटों में दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 208 दर्ज हुआ, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। शाम तक शहर के 29 निगरानी केंद्रों में वायु गुणवत्ता बहुत खराब दर्ज हुई, जिसमें बवाना का AQI 336 सबसे अधिक था।

















