Haryana News: हरियाणा कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार की आत्महत्या ने पूरे राज्य प्रशासन को झकझोर कर रख दिया है। उनके द्वारा छोड़े गए 9 पन्नों के सुसाइड नोट में करीब 15 अफसरों के नाम लिखे गए हैं, जिनमें सबसे अहम नाम हरियाणा के मौजूदा मुख्य सचिव (Chief Secretary) का बताया जा रहा है। इस मामले के सामने आने के बाद से शासन-प्रशासन में हड़कंप मच गया है।Haryana News
मुख्यमंत्री नायब सैनी जापान दौरे से लौटते ही गुरुवार को दिवंगत अधिकारी के घर पहुंचे और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उनके साथ मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर और सीआईडी चीफ सौरभ सिंह भी मौजूद रहे।
बताया जा रहा है कि पूरन कुमार की पत्नी अमनीत पी कुमार, जो हाल ही में जापान से लौटी हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में डीजीपी शत्रुजीत कपूर और रोहतक के मौजूदा एसपी नरेंद्र बिजानिया के नाम शामिल किए हैं। वहीं, सुसाइड नोट में पूर्व डीजीपी मनोज यादव का भी जिक्र किया गया है।
परिवार का कहना है कि जब तक सुसाइड नोट में दर्ज सभी अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की जाती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। इस बीच मुख्यमंत्री कार्यालय ने मामले की पूरी रिपोर्ट मांगी है और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से विस्तृत जांच का निर्देश दिया गया है।
मृतक अधिकारी पूरन कुमार ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि उन्हें झूठे मामले में फंसाने की साजिश रची जा रही थी और गनमैन की गिरफ्तारी के बाद वे गहरे मानसिक दबाव में आ गए थे। इसके बाद उन्होंने अपनी सरकारी पिस्तौल से गोली मारकर जान दे दी। फिलहाल मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित करने की मांग उठ रही है और यह घटना हरियाणा पुलिस प्रशासन के लिए एक गंभीर चुनौती बन गई है।Haryana News

















