Breaking News: पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस ने आम जनता को सतर्क करते हुए बताया है कि जिले में कुछ ठग गिरोह सस्ते दामों पर असली सोना देने का लालच देकर लोगों से धोखाधड़ी कर रहे हैं। ये गिरोह नकली सोना/सिक्के या सोने जैसी धातु दिखाकर लोगों से बड़ी रकम ऐंठ लेते हैं और बाद में फरार हो जाते हैं।
ठग गिरोह के काम करने का तरीका:–
* सस्ता/पुराना/तस्करी का सोना:- ये ठग सुनियोजित तरीके से लोगो से संपर्क कर “सस्ता/पुराना/तस्करी का सोना” बताकर असली दिखने वाले नकली सोने को बहुत कम कीमत में बेचने की पेशकश करते हैं।
* खुदाई में मिला सोना:- ये ठग अक्सर यह दावा करते हैं कि उन्हें किसी पुरानी इमारत या खेत की खुदाई के दौरान “सोने का घड़ा” या “पुरानी ईंटें” मिली हैं।
* मजबूरी का फायदा:- वे खुद को बहुत गरीब या मुसीबत में फंसा बताकर, बाजार भाव से बहुत कम कीमत पर वह सोना बेचने की पेशकश करते हैं।
* सैंपल का खेल:- ये ठग आपको असली सोने का एक छोटा टुकड़ा चेक करने के लिए देंगे, लेकिन सौदा होने पर आपको पीतल या नकली धातु थमा देंगे।
पुलिस अधीक्षक की रेवाड़ी वासियो से अपील:-
पुलिस अधीक्षक श्री हेमेंद्र कुमार मीणा ने सभी जिला वासियों से अपील करते हुए कहा है कि अगर कोई व्यक्ति बाजार से बहुत कम दाम पर सोना देने की बात कहे, तो तुरंत सतर्क हो जाएं। सस्ते सोने के लालच में कभी भी अज्ञात व्यक्तियों से लेन-देन न करें, सोना हमेशा अधिकृत ज्वेलर्स से ही खरीदें और पक्का बिल जरूर लें। “आमजन की जागरुकता व सतर्कता” ही ऐसे अपराधों को रोकने का सबसे प्रभावी तरीका है। यदि कोई आपको इस तरह का प्रलोभन देता है, तो उसकी बातों में आने के बजाय तुरंत इसकी सूचना नजदीकी पुलिस थाना या डायल 112 पर दें।

















