Crime: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक हैवानियत का मामला सामने आया हैं। यहां एक दरिंदे ने 3 साल की बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया। जानकारी के अनुसार आरोपी ने पहले मासूम को अगवा किया फिर उसके साथ दुष्कर्म कर लहूलुहान हालत में जंगल में फेंक दिया। बच्ची की तलाश में जुटी पुलिस ने उसको घायल अवस्था में जंगल में पाया और देर रात उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया हैं।
जानें पूरा मामला
जानकारी के अनुसार चिल्ला क्षेत्र के एक गांव से तीन साल की बच्ची को अगवा कर जंगल में ले जाया गया जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया और फिर जब वह घायल हो गई तो आरोपी उसे वहीं फेंक कर फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि तीन साल की बच्ची मंगलवार शाम चार बजे अपने घर से लापता हो गई थी, जिसके बाद उसके परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने देर रात खोजबीन के दौरान बच्ची को घायल अवस्था में जंगल में पाया और उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पड़ोसी निकला आरोपी
पुलिस द्वारा मिली जानकरी के अनुसार कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेने के बाद पता चला कि पीड़िता के पड़ोस में रहने वाले युवक सुनील निषाद (24) ने बच्ची को जंगल में ले जाकर उससे कथित रूप से दुष्कर्म किया और उसे घायल अवस्था में छोड़कर भाग गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की तथा देर रात करीब दो बजे जंगल में ही पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई।
पुलिस की गोली पैर में लगने से आरोपी घायल हो गया और उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

















