राजस्थान में कक्षा 9वीं और 11वीं की परीक्षाओं की तारीख जारी कर दी गई हैं,
जिसको लेकर शिक्षा विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. जानें पूरा शेड्यूल। राजस्थान में कक्षा 9वीं और 11वीं की राज्य स्तरीय समान वार्षिक परीक्षा 7 मार्च से शुरू होने जा रही है. परीक्षा 7 मार्च से 19 मार्च तक प्रदेशभर में आयोजित होंगी. परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और प्रश्न-पत्रों व गोपनीय सामग्री का वितरण कड़ी सुरक्षा के बीच किया गया है।
परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए प्रश्न-पत्रों और परीक्षा सामग्री का वितरण पुलिस सुरक्षा में किया गया. नोडल केंद्रों से प्रश्न-पत्रों को नजदीकी पुलिस थानों में सुरक्षित रखवाया गया है, जहां से परीक्षा के दिन निर्धारित समय पर उन्हें परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस बार परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। सभी जिलों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जो परीक्षा की निगरानी करेंगे। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन बनाए रखने के लिए अतिरिक्त स्टाफ की भी तैनाती की गई है।
परीक्षाओं के दौरान नकल रोकने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई है।
कई केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की मदद से निगरानी की जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
शिक्षा विभाग ने सभी विद्यार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से पहले अपने प्रवेश पत्र और आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचें। साथ ही अभिभावकों से भी सहयोग की अपील की गई है, ताकि परीक्षाएं शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकें।

















