नई दिल्ली। युवाओं में उद्यमिता की भावना को बढ़ावा देने और नवाचार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिल्ली विश्वविद्यालय में 9 और 10 मार्च को दो दिवसीय स्टार्टअप एवं इनोवेशन समिट का आयोजन किया जाएगा। “विकसित भारत – कैंपस इनोवेशन से ग्लोबल लीडरशिप तक” थीम पर आधारित इस समिट में देशभर के छात्र, युवा उद्यमी, निवेशक और उद्योग जगत से जुड़े विशेषज्ञ भाग लेंगे। इस आयोजन में अमर उजाला मीडिया पार्टनर की भूमिका निभाएगा।
यह समिट दिल्ली विश्वविद्यालय के शंकर लाल कॉन्सर्ट हॉल में आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम का आयोजन उदय सोसाइटी (एंटरप्रिन्योरशिप सेल) द्वारा दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार इस समिट का उद्देश्य युवाओं को सिर्फ नौकरी तलाशने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के लिए प्रेरित करना है। इसके माध्यम से छात्रों को उद्यमिता, नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
दो दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
समिट के दौरान विभिन्न विषयों पर पैनल चर्चा आयोजित होगी, जिसमें उद्योग जगत के विशेषज्ञ, सफल उद्यमी और निवेशक अपने अनुभव साझा करेंगे। इसके अलावा स्टार्टअप पिचिंग सत्र भी आयोजित किए जाएंगे, जहां युवा उद्यमी अपने नए बिजनेस आइडिया को निवेशकों के सामने प्रस्तुत कर सकेंगे। इससे उन्हें अपने प्रोजेक्ट के लिए फंडिंग और मार्गदर्शन मिलने की संभावना भी बढ़ेगी।
कार्यक्रम के दौरान वेबिनार, प्रतियोगिताएं और स्टार्टअप स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
इन स्टॉल्स के माध्यम से छात्र अपने इनोवेटिव प्रोडक्ट और सेवाओं को प्रदर्शित कर सकेंगे। यह मंच छात्रों को अपने आइडिया को व्यावहारिक रूप देने और उद्योग जगत के लोगों से सीधे संवाद करने का अवसर प्रदान करेगा। साथ ही प्रतिभागियों को नेटवर्किंग का भी अच्छा अवसर मिलेगा, जिससे वे भविष्य में अपने स्टार्टअप को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग और निवेश प्राप्त कर सकते हैं।
आयोजकों का कहना है कि इस समिट का मुख्य लक्ष्य दिल्ली विश्वविद्यालय को नवाचार और उद्यमिता के एक प्रमुख राष्ट्रीय केंद्र के रूप में स्थापित करना है। इसके जरिए छात्रों को नई सोच विकसित करने, जोखिम लेने और अपने आइडिया को व्यवसाय में बदलने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
समिट के दौरान कई प्रतिष्ठित स्टार्टअप फाउंडर, बिजनेस लीडर और निवेशक भी छात्रों के साथ संवाद करेंगे। वे अपने अनुभवों के माध्यम से बताएंगे कि किस तरह एक छोटा आइडिया भी सही रणनीति और मेहनत से बड़े व्यवसाय में बदल सकता है।
आयोजकों का दावा है कि यह एशिया का सबसे बड़ा छात्र संचालित स्टार्टअप समिट होगा। इसमें बड़ी संख्या में छात्र, स्टार्टअप संस्थापक, निवेशक और उद्योग विशेषज्ञ भाग लेंगे। यह आयोजन न केवल छात्रों के लिए सीखने का अवसर होगा, बल्कि भारत में स्टार्टअप इकोसिस्टम को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

















