रेवाड़ी। दिल्ली, गुरुग्राम और रोहतक में 10 से अधिक ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से दो दिन तक चली कार्रवाई के बाद म्यूजिक कंपनी जेम ट्यून्स के मालिक राव इंद्रजीत यादव ने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मीडिया में चल रही चर्चाओं को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि जिन अपराधों से उनका नाम जोड़ा जा रहा है, उनसे उनका कोई लेना-देना नहीं है।
राव इंद्रजीत ने खुद को केवल एक बिजनेसमैन बताते हुए कहा कि ईडी की रेड में कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है, वह यहां से एक कंप्यूटर ले गई जिसके डाटा की जांच करेंगी। राव इंद्रजीत यादव ने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी निजी दुश्मनी के चलते उनके खिलाफ साजिश रच रहे हैं और बिना ठोस सबूत के उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह पूरी कार्रवाई निराधार है और उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।
फायरिंग की घटना को लेकर क्या कहा: राव इंद्रजी ने गुरुग्राम में हरियाणवी सिंगर राहुल यादव उर्फ फाजिलपुरिया पर हुई फायरिंग की घटना से उनका कोई संबंध नहीं है। राव इंद्रजीत ने कहा कि फाजिलपुरिया उनके लिए छोटे भाई जैसे हैं और दोनों के बीच पारिवारिक संबंध हैं, लेकिन फायरिंग की घटना में उनकी किसी भी तरह की भूमिका नहीं है।
उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से म्यूजिक इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं और उनका पूरा फोकस बिजनेस और कलाकारों को बेहतर प्लेटफॉर्म देने पर रहा है। राव इंद्रजीत का कहना है कि कानून और जांच एजेंसियों पर उन्हें पूरा भरोसा है और सच सामने आने पर सभी आरोप स्वतः ही खत्म हो जाएंगे।
यूट्यूब पर जेम ट्यून्स हरियाणवी चैनल: सोशल मीडिया पर भी राव इंद्रजीत की अच्छी खासी मौजूदगी है। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 9 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। वहीं यूट्यूब पर जेम ट्यून्स हरियाणवी चैनल के 46 लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं, जेम ट्यून्स चैनल पर करीब 7.99 लाख, जेम ट्यून्स ओरिजिनल पर 5 लाख 55 हजार और जेम ट्यून्स भक्ति चैनल पर 17 लाख से अधिक सब्सक्राइबर जुड़े हुए हैं। ईडी की कार्रवाई के बाद यह मामला चर्चा में बना हुआ है और आगे की जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं।
कौन है राव इंद्रजीत‘ बता दे रेवाड़ी के रहने वाले राव इंद्रजीत यादव म्यूजिक कंपनी जेम ट्यून्स के मालिक और मुख्य नियंत्रक हैं। उनकी कंपनी हरियाणवी, पंजाबी और भोजपुरी गीतों के साथ-साथ भक्ति संगीत का भी बड़े स्तर पर प्रोडक्शन करती है। जेम ट्यून्स के कई गाने काफी लोकप्रिय रहे हैं और कंपनी ने कम समय में म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई है। रेड के चलते एक बार किय ये चर्चा में आ गया है।

















