Delhi Weather: दिल्ली में शनिवार को इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जिससे रात में ठंड का एहसास और बढ़ गया। रविवार सुबह भी ठंडक का असर महसूस किया गया। राजधानी की रातें अब और सर्द होने लगी हैं और लोग रजाई-कंबल निकाल कर इस्तेमाल करने लगे हैं। हालांकि दिन में अभी ठंड ज्यादा नहीं पड़ रही है क्योंकि धूप अभी भी अपने पूरे प्रभाव में है।
दिल्ली में अभी भी प्रदूषण की समस्या बनी हुई है। शनिवार सुबह हवा की गुणवत्ता बेहद खराब स्तर पर रही और रविवार सुबह राजधानी का औसत एक्यूआई 399 दर्ज किया गया जो खतरनाक सीमा के करीब है। इस कारण लोगों को मास्क पहनने और बाहर जाने में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज हल्के कोहरे और धुंध के साथ सुबह शुरू हुई। ठंडी हवा ने लोगों को शॉल और स्वेटर पहनने पर मजबूर कर दिया है। मौसम साफ रहेगा और बारिश का कोई खतरा नहीं है। दिन में धूप खिली रहेगी लेकिन शाम होते ही ठंड फिर से बढ़ जाएगी। आज का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री के करीब रहेगा। आने वाले दिनों में तापमान गिरने का सिलसिला जारी रहेगा जिससे ठंड और बढ़ेगी।
ठंड बढ़ने के पीछे पश्चिमी हिमालय में हो रही बर्फबारी प्रमुख कारण है। वहां की ठंडी हवाएं दिल्ली की ओर बह रही हैं। साथ ही रात में आसमान साफ होने के कारण रेडिएशन कूलिंग का प्रभाव बढ़ा है जिससे जमीन से गर्मी तेजी से निकल रही है और तापमान नीचे गिर रहा है।
गौरतलब है कि इस सीजन में पहली बार गुरुवार को न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे गया था। पिछले वर्षों के मुकाबले इस बार तापमान में गिरावट सामान्य से ज्यादा देखी जा रही है। इस वजह से दिल्लीवासियों को ठंड से बचने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी।

















