Yamaha अब भारत में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट में कदम रखने जा रही है। कंपनी ने अपने 70वें सालगिरह समारोह के दौरान मुंबई में दो नई इलेक्ट्रिक स्कूटर्स पेश की हैं, जिनमें Yamaha Aerox E और Yamaha EC-06 शामिल हैं। इन दोनों ई-स्कूटर्स को 2026 के आखिर तक भारत में लॉन्च किया जाएगा। यह लॉन्च यामाहा की 10 नए मॉडलों की योजना का हिस्सा है, जिनमें से बाकी आठ मॉडल पेट्रोल इंजन वाले होंगे और पहले लॉन्च किए जाएंगे।
ये दोनों इलेक्ट्रिक स्कूटर्स भारत सरकार की ‘विकसित भारत’ योजना के अनुरूप बनाए गए हैं। खासतौर पर Yamaha Aerox E को भारतीय बाजार को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इसकी कीमत 2026 की पहली तिमाही में घोषित की जाएगी। कंपनी ने बताया है कि भारत में लॉन्च से पहले ट्रेनिंग और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने पर काम चल रहा है, ताकि इलेक्ट्रिक व्हीकल मार्केट में पूरी तरह से तैयार होकर कदम रखा जा सके।
Yamaha Aerox E को परफॉर्मेंस-फोकस्ड मैक्सी स्कूटर के रूप में तैयार किया गया है। यह स्कूटर पेट्रोल Aerox मॉडल पर आधारित है और रोजमर्रा के उपयोग के लिए स्टाइलिश व प्रैक्टिकल स्कूटर पसंद करने वालों के लिए खास है। इसमें दो निकाले जाने वाले बैटरी पैक दिए गए हैं, जिनकी कुल क्षमता 3 kWh है। यह 9.4 kW की इलेक्ट्रिक मोटर से लैस है जो 48 Nm टॉर्क प्रदान करती है। एक बार चार्ज करने पर इसकी रेंज 106 किलोमीटर तक है।
दूसरी तरफ Yamaha EC-06 का डिजाइन काफी फ्यूचरिस्टिक है। इसमें हाई सेंटर ऑफ ग्रेविटी और आरामदायक राइडिंग पोजीशन दी गई है, जिससे इसे चलाना आसान हो जाता है। यह खासतौर पर युवा राइडर्स के लिए बनाया गया है जो मॉडर्न और स्टाइलिश स्कूटर चाहते हैं। इसमें फ्रंट पर स्टैक्ड LED हेडलैंप और शार्प लाइनों के साथ एक साफ-सुथरा लुक है।
EC-06 में 4 kWh की फिक्स्ड बैटरी दी गई है, जो 4.5 kW की इलेक्ट्रिक मोटर को पावर देती है। इस मोटर की पीक पावर 6.7 kW है। एक बार चार्ज करने पर यह 160 किलोमीटर की रेंज देती है। इसे घर के सामान्य चार्जर से लगभग 9 घंटे में फुल चार्ज किया जा सकता है। इसकी टॉप स्पीड 90 किलोमीटर प्रति घंटा है।

















