रेवाड़ी: शादी कार्यक्रम से वापस लौट रही एक बुजुर्ग महिला को गांव बेरली खुर्द छोड़ने का झांसा देकर तीन बदमाशो ने अपनी कार में बैठा लिया और सोने के जेवरात व नकदी ठगी कर ली। इतना ही बदमाश बुजुर्ग महिला को बावल रोड पर छोड़कर फरार हो गए। महिला ने अपने घर पहुंचकर परिजनों ने आपबीती बताई।
पुलिस को दी शिकायत में गांव बेरली खुर्द निवासी 60 वर्षीय चमेली देवी ने कहा कि वह अपने भतीजे की शादी में गांव गुढ़ा केमला गई थीं। तीन दिसंबर की दोपहर वह वापस लौट रही थीं और बेरली खुर्द जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थीं, इसी दौरान तीन लोग भी वहां आ गए। तीनों ने चमेली देवी से पूछा कि माता जी आप कहां जाएंगी। चमेली देवी ने उनको बेरली खुर्द जाने के बारे में बताया। तीनों ने कहा कि वह भी बेरली खुर्द जा रहे हैं और उनके पास कार है। वह अपनी कार में उनको गांव बेरली खुर्द में छोड़ देंगे।
लिफाफे में डलवाए जेवरात: तीनों युवक चमेली देवी उनके बैग के साथ पैदल ब्रास मार्केट में ले आए और एक कार में बैठा कर बावल रोड पर ले गए। तीन-चार किलोमीटर चलने के बाद एक युवक ने चमेली देवी से कहा कि आगे चेकिग चल रही है। सोने की चेन व सोने की बालियां उतार कर लिफाफे में डाल दो। चमेली ने अपनी चेन और बालियां पीले लिफाफे में डाल ली। युवकों ने चमेली को एक पीला लिफाफा थमा दिया। युवकों ने कहा कि वे अपने आफिस में होकर आते हैं, तब तक वह यहीं रुक जाएं। तीनों महिला को सड़क पर उतार कर चले गए। युवक चमेली देवी का बैग भी अपने साथ ले गए। बैग में कपड़े व करीब नौ हजार रुपये की नकदी थी।
करती रही इंतजार नहीं लौटे: चमेली देवी काफी देर तक वहीं खड़ी युवकों का इंतजार करती रहीं, लेकिन वापस नहीं लौटे। उन्होंने एक युवक से पूछा तो बताया कि वह बेरली खुर्द रोड पर नहीं बल्कि बावल रोड पर खड़ी हुई हैं। युवक ने अपनी स्कूटी पर चमेली देवी को वापस बस स्टैंड छोड़ दिया। चमेली ने अपने घर पहुंचकर स्वजन को ठगी के बारे में बताया। स्वजन महिला को लेकर वापस बस स्टैंड पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। बस स्टैंड चौकी पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ चोरी और ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
















