Haryana News: हरियाणा स्वास्थ्य विभाग जल्द ही राज्य में 550 नए डॉक्टरों की भर्ती करने जा रहा है। इन डॉक्टरों को सिविल अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात किया जाएगा ताकि मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके। मुख्यमंत्री की मंजूरी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने इसकी फाइल तैयार कर दी है। उम्मीद है कि ये भर्ती अगले साल मार्च तक पूरी हो जाएंगी। नए डॉक्टरों के आने से अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी दूर होगी और मरीजों को राहत मिलेगी।
पिछले साल 2024 में हरियाणा सरकार ने 777 डॉक्टरों की भर्ती निकाली थी। इनमें से 747 डॉक्टरों को नौकरी मिली और बाकी पदों पर उम्मीदवार नहीं आए थे। इन डॉक्टरों को भी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात कर दिया गया था। हालांकि कुछ डॉक्टर नियुक्ति के बाद भी अपने कार्यस्थल पर नहीं पहुंचे थे।
सरकार ने उन 68 डॉक्टरों की सेवाएं भी समाप्त कर दी हैं जो लंबे समय से ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे। अब इन खाली पदों को भरने के लिए फिर से 550 डॉक्टरों की भर्ती की जा रही है। ये पद मेडिकल ऑफिसर के होंगे। हरियाणा में मेडिकल ऑफिसर के कुल 3969 पद हैं, जिनमें से करीब 550 पद खाली पड़े हैं। वहीं, सीनियर मेडिकल ऑफिसर के कुल 644 पदों में से 219 पद खाली हैं।
प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा है कि स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की कमी नहीं होगी। जहां भी रिक्त पद हैं, वहां जल्दी से डॉक्टरों की नियुक्ति के निर्देश दिए जा चुके हैं। सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को पूरी सुविधा मिले और उनका समय पर इलाज हो। यही वजह है कि डॉक्टरों की भर्ती को प्राथमिकता दी जा रही है ताकि हर मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

















