Haryana News: दीपावली नजदीक है और त्योहारी सीजन में पटाखों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में आग लगने की संभावना बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए अंबाला फायर डिपार्टमेंट पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। सभी फायर कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और विभाग ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
अंबाला जिले में कुल 34 फायर टेंडर तैनात किए गए हैं। इनमें 12 गाड़ियां अंबाला कैंट में, 13 गाड़ियां अंबाला शहर में और बाकी गाड़ियां नारायणगढ़ और बराड़ा क्षेत्रों में हैं। त्योहारों के दौरान संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में छोटी फायर गाड़ियां रखी जाएंगी, ताकि आग लगने की स्थिति में तुरंत पहुंचकर नियंत्रण किया जा सके।
दीपावली के दौरान बाजारों में भीड़ ज्यादा होती है। इसलिए कुछ गाड़ियां प्रमुख बाजारों में खड़ी रहेंगी। अधिकारी पंकज ने बताया कि अक्सर आग छतों पर रखे पुराने और ज्वलनशील कचरे के कारण लगती है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि पटाखों की चिंगारी से आग पकड़ने वाला कोई सामान छतों पर न रखें।
फायर अधिकारी पंकज ने कहा कि अगर कहीं आग लगे तो तुरंत 112 नंबर पर कॉल करें। सूचना मिलते ही नजदीकी फायर स्टेशन से टीम मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाएगी।

















