Haryana News: हरियाणा में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में नूंह-पलवल सड़क मार्ग (स्टेट हाइवे नंबर-13) को फोरलेन बनाया जाएगा। 3 ग्राम पंचायतों कोटला, आकेडा और मोहम्मदपुर ने वन विभाग के लिए भूमि देने का प्रस्ताव दिया है, जिससे योजना को मंजूरी मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
पिछले चार साल से इस सड़क मार्ग को फोरलेन बनाने की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन वन विभाग के लिए जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण यह योजना अधर में लटकी हुई थी। 30 किलोमीटर लंबी इस सड़क के फोरलेन बनने से पलवल और नूंह के जिला मुख्यालय के बीच की दूरी कम होगी और आवागमन भी आसान हो जाएगा।
इस सड़क को फोरलेन बनाने के लिए जुलाई 2022 में मंजूरी दी गई थी। योजना के अनुसार एनसीआर बोर्ड ने स्टेट हाइवे-13 को फोरलेन बनाने के लिए 137 करोड़ रुपए की राशि को स्वीकृति दी थी। अब 3 गांवों द्वारा दी गई जमीन का वन विभाग अवलोकन करेगा और यह देखा जाएगा कि यह जमीन पौधों के लिए कितनी उपयुक्त है। इसके बाद सड़क मार्ग के निर्माण की तैयारियां तेज कर दी जाएंगी।
इस समय नूंह-पलवल सड़क मार्ग की चौड़ाई बेहद कम है और जगह-जगह गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। फोरलेन बनने के बाद न केवल लोगों का सफर आसान और सुरक्षित होगा, बल्कि दोनों जिलों के बीच की दूरी भी कम हो जाएगी।
















