नई दिल्ली। 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए PM Modi ने इस बार दिवाली पर देशवासियों को बड़ा तोहफा देने का ऐलान किया। पीएम मोदी ने कहा कि सरकार कारोबारियों के लिए जीएसटी प्रणाली को आसान बनाते हुए नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी फॉर्म जारी करेगी, जिससे रिटर्न भरने की प्रक्रिया सरल और तेज होगी। साथ ही, रिफंड पाने में लगने वाला समय भी कम किया जाएगा।
कारोबारियों के लिए रिटर्न भरना होगा आसान: PM Modi ने बताया कि इस सुधार का सीधा असर आम जनता पर भी पड़ेगा। टैक्स में भारी कटौती और रोजमर्रा के इस्तेमाल की वस्तुओं के सस्ते होने से लोगों को आर्थिक राहत मिलेगी। छोटे और मझोले कारोबारियों को भी इसका फायदा मिलेगा, जिससे उनकी प्रतिस्पर्धा क्षमता बढ़ेगी।
रिफंड प्रक्रिया होगी तेज: PM Modi ने 15 अगस्त के संबोधन में जीएसटी व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव की घोषणा करते हुए कहा कि जीएसटी लागू होने के बाद से अब तक 40 हजार से अधिक अनावश्यक कंप्लायंस समाप्त किए जा चुके हैं। इसी तरह इनकम टैक्स कानून से भी 280 से ज्यादा धाराएं हटाई गई हैं, जो अब जरूरी नहीं थीं।
पीएम मोदी ने बताया कि सरकार ने नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म के लिए एक विशेष टास्क फोर्स बनाने का निर्णय लिया है। इस टास्क फोर्स का मुख्य उद्देश्य छोटे कारोबारियों को राहत पहुंचाना होगा। इसके तहत जीएसटी रिटर्न भरने की प्रक्रिया को सरल और उपयोगकर्ता अनुकूल बनाया जाएगा, वहीं रिफंड प्राप्त करने की गति भी बढ़ाई जाएगी।

















