Haryana News: हरिद्वार से रेवाड़ी लौटी करीब 20 लाख रुपये की भव्य कांवड़ ने पूरे शहर को भक्ति के रंग में रंग दिया। हनुमान जी के 11 अद्भुत स्वरूपों से सजी इस विशाल कांवड़ को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। रेवाड़ी के सर्कुलर रोड पर जब यह कांवड़ पहुंची तो लोग न सिर्फ मंत्रमुग्ध होकर आरती में लीन हो गए, बल्कि कई जगह श्रद्धालु सेल्फी लेते भी नजर आए। शिवभक्ति और श्रद्धा का यह नजारा शहरवासियों के लिए देखने योग्य रहा।
जानकारी के अनुसार, रेवाड़ी के आजाद नगर से 41 शिवभक्तों का जत्था 17 जुलाई को हरिद्वार रवाना हुआ था। यह उनका 13वां कांवड़ यात्रा आयोजन था, जो इस बार की सबसे महंगी और विशेष कांवड़ मानी जा रही है। कांवड़ में 14 फीट ऊंची हनुमान जी की मूर्तियां स्थापित की गई हैं, जिनमें बजरंगबली के 11 विशिष्ट रूपों को दर्शाया गया है। इसे बनाने और सजाने का कार्य 11 लोगों की विशेष टीम ने कई दिन की मेहनत से तैयार किया।Haryana News
हरिद्वार से रेवाड़ी तक पूरे मार्ग में इस कांवड़ का भव्य स्वागत हुआ। गुरुग्राम में स्थानीय विधायक मुकेश शर्मा ने भी इसकी आरती उतारी और शिवभक्तों को सम्मानित किया। अब यह भव्य कांवड़ रेवाड़ी के सर्कुलर रोड पर स्थापित है, जहां मंगलवार को इसे शिवालय में ले जाकर विधिवत जलाभिषेक किया जाएगा। श्रद्धा, भक्ति और भव्यता का यह अनोखा संगम अब पूरे शहर में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

















