हरियाणा के यमुनानगर जिले के जगाधरी शहर में वीरवार रात उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई जब मटका चौक के पास एक कांवड़िए को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में कांवड़ लिए चल रहे हिमाचल प्रदेश के बद्दी निवासी राहुल की कांवड़ खंडित हो गई, जिससे श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया। गुस्साए कांवड़ियों ने मौके पर हंगामा किया और मटका चौक पर सड़क जाम कर दी, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।Yamunangar News
जानकारी के अनुसार, राहुल अपने साथियों अजय और अजीत के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहा था कि तभी एक तेज रफ्तार क्रेटा कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गिर पड़ा और उसकी कांवड़ भी टूट गई।
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। कांवड़ खंडित होने की सूचना मिलते ही अन्य कांवड़िए भी मौके पर इकट्ठा हो गए और उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कार चालक नशे में था और प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था नहीं की।
जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही एएसपी अमरिंद्र सिंह और डीएसपी राजीव मिगलानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लेने का प्रयास किया। पुलिस ने वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला और कांवड़ियों को शांत करने की कोशिश की। हालांकि कांवड़िए आरोपी की गिरफ्तारी और खंडित कांवड़ के बदले हरिद्वार से नया गंगाजल मंगवाने की मांग पर अड़े रहे।
करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ियों को आश्वासन दिया कि राहुल को हरिद्वार से नया गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद कांवड़ियों ने जाम हटाया और यातायात सुचारु हुआ। Yamunangar News
















