मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रदेश की पंचायतों को 368 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय ग्राम उत्थान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने 233 करोड़ रुपये के 923 विकास कार्यों का उद्घाटन तथा 135 करोड़ रुपये के 413 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पंचायती राज संस्थाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में 22 जिला परिषदों, 142 पंचायत समितियों तथा 5388 ग्राम पंचायतों को स्टाम्प ड्यूटी के हिस्से के रूप में 573 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने 511 ग्राम पंचायतों को महिला चौपालों के निर्माण के लिए 18.28 करोड़ रुपये भी जारी किए। इसके साथ ही 411 जिला परिषद सदस्यों तथा 3081 पंचायत समिति सदस्यों को 1.45 करोड़ रुपये की मानदेय राशि भी जारी की।
मुख्यमंत्री जागृत ग्राम पुरस्कार योजना का शुभारंभ : समारोह के दौरान नायब सैनी ने मुख्यमंत्री जागृत ग्राम पुरस्कार योजना का भी शुभारंभ किया। इसके तहत उन पंचायतों को पुरस्कार दिए जाएंगे जो शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, कृषि उत्पादकता, डिजिटल कनेक्टिविटी और सतत बुनियादी ढांचे जैसे सामाजिक-आर्थिक मापदंडों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी।
जनसंख्या के आधार पर प्रथम आने वाली ग्राम पंचायतों को 51 लाख रुपये, दूसरे स्थान पर आने वाली पंचायतों को 31 लाख रुपये और तीसरे स्थान पर आने वाली पंचायत को 21 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह राशि स्थानीय विकास कार्यों पर खर्च की जाएगी।
71 हजार निर्वाचित प्रतिनिधियों को दिया जाएगा रिफ्रेशर प्रशिक्षण: मुख्यमंत्री ने पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत प्रशिक्षण किटों के वितरण का भी शुभारंभ किया। इस अभियान में प्रदेश के सभी 71 हजार निर्वाचित प्रतिनिधियों को इस एक वर्ष में रिफ्रेशर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिनिधियों को पड़ोसी राज्यों के बेहतरीन ग्रामीण मॉडलों का अध्ययन करने के लिए भ्रमण भी कराया जाएगा। समारोह के दौरान सैनी ने मेरा गांव-मेरी धरोहर तथा मुख्यमंत्री जागृत ग्राम पुरस्कार योजना की पुस्तिका का विमोचन भी किया। ‘मेरा गांव मेरी धरोहर’ पुस्तक में प्रत्येक जिले से एक कहानी (22 कहानियां) संकलित की गई हैं। यह पुस्तक हरियाणा की ग्रामीण विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करेगी।
41,591 नए लाभार्थियों को पेंशन लाभ वितरित
मुख्यमंत्री ने समारोह स्थल से प्रदेश भर में विभिन्न पेंशन योजनाओं के 41,591 नए लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ दिया तथा सीधे उनके बैंक खातों में राशि जारी की।
इन लाभार्थियों के खातों में 12 करोड़ 59 लाख रुपये जमा किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने वृद्धावस्था एवं दिव्यांग पेंशन आदि को प्रो-एक्टिव मोड पर लाने का काम किया है। अब इनके लिए किसी को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। आज घर बैठे ही पेंशन अपने आप बन जाती है।

















