Weather Update: देश के कई राज्यों में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे कई इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान पूर्वोत्तर राज्यों के कई हिस्सों में तेज़ हवाओं के साथ बारिश देखने को मिल रही है। वहीं, महाराष्ट्र के मुंबई सहित अन्य क्षेत्रों में बढ़ते तापमान की वजह से गर्मी महसूस की जा रही है।
दिल्ली सहित इन इलाकों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 28 फरवरी तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि हिमाचल प्रदेश में 26 से 28 फरवरी तक बारिश हो सकती है। यहां बारिश का सिलसिला 2 या 3 मार्च तक जारी रह सकता है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में आज से 1 मार्च तक भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड में 27 और 28 फरवरी को तेज़ गर्जना के साथ भारी बारिश हो सकती है। साथ ही, 26 फरवरी से 1 मार्च के बीच पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 27 फरवरी को पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की आशंका भी जताई गई है।
यूपी के इन ज़िलों में हो सकती है बारिश
उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी बारिश की संभावना बनी हुई है। दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, मुज़फ्फरनगर और शामली में आंधी-तूफान की आशंका है। इसके अलावा, सहारनपुर, बिजनौर, अमरोहा, हापुड़ और मुरादाबाद में भी बारिश की संभावना बनी हुई है।
बारिश का असर सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर और फर्रुखाबाद में भी देखने को मिल सकता है। वहीं, अलीगढ़, मथुरा और संभल जिलों में भी हल्की बारिश हो सकती है।
हिमाचल में अगले तीन दिन तक बारिश की संभावना
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। इसके अनुसार, 26 फरवरी को राज्य के चार जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 27 फरवरी को ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
शिमला स्थित आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की गतिविधि बढ़ रही है।
आईएमडी के अनुसार, अगले 24 घंटों में चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, सिरमौर और किन्नौर के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं, 26 फरवरी को कांगड़ा, मंडी, सोलन, शिमला, सिरमौर, बिलासपुर और हमीरपुर में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।
आईएमडी ने 27 फरवरी के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
















