Kal Ka Mausam (कल का मौसम कैसा रहेगा) : मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। देश के कई राज्यों में भारी बारिश ने तबाही मचानी शुरु कर दी है। वहीं कई राज्यों में हल्की बारिश से मौसम सुहावना हो चुका है।
आईएमडी ने पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने से उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा-पंजाब में अगले 5 दिन तक मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।
11 जून तक तापमान में होगी बढ़ोत्तरी
आईएमडी ने 11 जून तक गर्म हवाओं के साथ अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के संकेत दिए हैं, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का एहसास होगा। लेकिन, 12 जून से एक बार फिर मानसून की आहट के बीच बारिश शुरू होगी, जिससे मौसम सुहावना होगा।
मानसून की सुस्त चाल से बिगड़ेगा सिस्टम
स्काईमेट ने पूर्वोत्तर के राज्यों में जारी भारी बारिश भी थमने का अनुमान व्यक्त किया है। मानसून की चाल सुस्त होने से बाढ़ की स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ है। हालांकि, अगले कुछ दिन तक नदियों में तेज बहाव जारी रहेगा। 11 जून से एक बार फिर बंगाल की खाड़ी पर सर्कुलेशन बनने से बारिश का दौर शुरू होगा।
इन राज्यों में होगी भारी बारिश
मौसम विभाग ने बताया कि आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु और महाराष्ट्र में अगले 2 से 3 दिनों में बारिश में तेजी आएगी। वहीं, मानसून की सक्रियता से केरल, पुदुचेरी, गोवा और पश्चिमी घाटों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। इस दौरान आकाशीय बिजली का खतरा बना रहेगा। लिहाजा, लोगों से सतर्क रहने के लिए कहा गया है। इधर, पहाड़ी राज्यों में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में मौसमी गतिविधियां नहीं होने का अनुमान है।
हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम
हरियाणा के कई इलाकों में बारिश के बाद मौसम में बदलाव देखा गया है। हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक अगले 4-5 दिनों तक तापमान में बढोत्तरी होगी। 11 जून के बाद मौसम में बदलाव संभावित है।
यूपी कल का मौसम
उत्तर प्रदेश का मौसम उतार-चढ़ाव के साथ गुजर रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बादलों की आवाजाही के बीच सूरज की तपिश परेशान कर रही है। मौसम विभाग ने अब 12 जून तक गर्मी बढ़ने की बात कही है। इस दौरान कोई बड़ी मौसमी गतिविधि नहीं देखने को मिलेगी, जिससे अधिकतम तापमान बढ़ेगा।
हालांकि, अभी भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। खासकर, ये संकेत पश्चिमी जिलों के लिए है। उधर, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, शाहजहांपुर और आसपास के जिलों में तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, राज्य में मानसून के जून के तीसरे सप्ताह तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
एमपी में कैसा रहेगा मौसम?
मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन और इंदौर समेत 45 जिलों में तेज हवाओं (40-45 किमी. प्रति घंटे) के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना व्यक्त की है। मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों तक ऐसे ही मौसम का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। जल्द ही राज्य में मानसून एंट्री मारेगा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी हद तक राहत मिलेगी।
दिल्ली कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में अगले 5 दिन तक अधिकतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ेगा। आईएमडी के मुताबिक, इस दौरान गर्मी बढ़ेगी, लेकिन लू से राहत रहेगी। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 5 दिन मौसम साफ रहेगा। अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना है, जो अगले सप्ताह की शुरुआत तक 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
बिहार में कैसा रहेगा मौसम
बिहार में पिछले दिनों हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया था, लेकिन अब 2 से 4 दिन उमस भरी गर्मी परेशान करेगी। कहीं-कहीं अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को टच करेगा। हालांकि, मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना व्यक्त की है। लेकिन, यह बहुत सामान्य होगी। अगले एक से दो सप्ताह में मानसून के दस्तक देने का अनुमान है। कमोबेश यही हालात झारखंड में देखने को मिलेंगे। यहां अगले एक सप्ताह में मानसून की एंट्री हो जाएगी।
राजस्थान में बारिश का अलर्ट
राजस्थान के अधिकांश भागों में अगले कुछ दिन मौसम शुष्क रहने व गर्मी बढ़ने की संभावना है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार राज्य के अधिकांश भागों में शुक्रवार से अगले 5 दिन मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। आज केवल कोटा-उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं बादल गरजने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
आईएमडी के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में 8 से 10 जून को अधिकतम तापमान 45-46 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने व कहीं-कहीं लू चलने की संभावना है। इसी तरह बीकानेर संभाग व आसपास के इलाकों में 8 से 10 जून के दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं।
















