Weather Update: उत्तर में शीतलहर, दक्षिण में तूफान का तांडव! जानिए आज किस राज्य में क्या कहर बरसेगा

On: November 1, 2025 8:56 AM
Follow Us:
Weather Update: उत्तर में शीतलहर, दक्षिण में तूफान का तांडव! जानिए आज किस राज्य में क्या कहर बरसेगा

Weather Update: उत्तर भारत में सर्दी ने दस्तक दे दी है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा और पंजाब सहित कई राज्यों में ठंड का असर बढ़ने लगा है। वहीं, भारत-चीन सीमा पर हो रही बर्फबारी के कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने सर्द हवाओं के बढ़ने की चेतावनी दी है। इसके साथ ही सिक्किम में बर्फबारी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। दूसरी ओर, दक्षिण भारत के कई राज्य चक्रवात मोंथा (Cyclone Montha) के कारण भारी बारिश और तबाही का सामना कर रहे हैं। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में अब तक कई लोगों की मौत हो चुकी है। आइए जानते हैं आज देशभर का मौसम कैसा रहेगा।

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में सर्द हवाओं ने अपनी मौजूदगी दर्ज करानी शुरू कर दी है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे और रात के तापमान में गिरावट जारी रहेगी। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे शहरों में हल्के बादल और ठंडी हवाएं लोगों को नवंबर की सर्दी का अहसास करा रही हैं। रात के समय तापमान में गिरावट के साथ-साथ सुबह की ठंड भी बढ़ गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 2 से 3 दिनों तक न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की और गिरावट संभव है।

उत्तर प्रदेश और सिक्किम में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के पूर्वी इलाकों में अचानक हुई बारिश ने ठंड को और बढ़ा दिया है। वाराणसी, प्रयागराज और मऊ जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पश्चिमी यूपी के कई जिलों में घने बादल छाए रहेंगे और तेज हवाएं चलने की संभावना है। उधर, उत्तर-पूर्व भारत के राज्य सिक्किम में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। शुक्रवार को भारत-चीन सीमा के पास नाथुला, कपुप और त्सोमगो (चांगू) झील क्षेत्र में भारी बर्फबारी हुई, जिससे तापमान में तेज गिरावट आई है। मौसम विभाग ने सिक्किम में रेड अलर्ट जारी करते हुए अगले 24 घंटे तक और खराब मौसम की संभावना जताई है। कई इलाकों में बर्फ हटाने का कार्य जारी है और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

उत्तराखंड में गिरे तापमान, दक्षिण भारत में मोंथा का कहर

उत्तराखंड में भी नवंबर की शुरुआत के साथ सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और हल्द्वानी जैसे इलाकों में सुबह-शाम ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ पहाड़ी इलाकों में तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि दिन में हल्की धूप निकलने से मौसम सुहावना रहेगा। वहीं, दक्षिण भारत के राज्यों में चक्रवात मोंथा (Cyclone Montha) ने भारी तबाही मचाई है। तेलंगाना में अलग-अलग घटनाओं में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है। आंध्र प्रदेश के ऊर्जा मंत्री के अनुसार, चक्रवात के चलते राज्य में करीब 13,000 बिजली के खंभे, 3,000 किलोमीटर लाइनें और 3,000 ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी तेज बारिश और तूफान के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है।

P Chauhan

मै पीके चौहान पिछले 6 साल में पत्रकारिता में कार्यरत हूं। मेरे द्वारा राजनीति, क्राइम व मंनोरजन की खबरे अपडेट की जाती है।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now