हरियाणा में अब ये स्टेडियम होंगे चकाचक: खेल मंत्री गौतम ने किया ऐलान

On: January 6, 2026 10:34 AM
Follow Us:
हरियाणा मे खेलों का बुनियादी ढांचा होगा मजबूत, 114 करोड बजट जारी: खेल मंत्री

हरियाणा सरकार खेलों को लेकर बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। खेल मंत्री गोरव गौतम ने कहा कि राज्य का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। इसी लक्ष्य के तहत प्रदेश भर के स्पोर्ट्स स्टेडियमों के रेनोवेशन और नवीनीकरण के लिए 114 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है।

 

हरियाणा को देश में खेलों का पावरहाउस माना जाता है। राज्य के खिलाड़ी ओलंपिक, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। खेल मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि सरकार, कोचों और खिलाड़ियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। इसी कड़ी में राई स्थित स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का विकास एक बड़ा कदम है।

पहले मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स के नाम से पहचाने जाने वाले इस संस्थान को यूनिवर्सिटी का दर्जा देकर यहां उच्च स्तरीय खेल शिक्षा और प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है।
इस बजट से पुराने स्टेडियमों में मरम्मत, आधुनिक उपकरण, ट्रैक, प्रशिक्षण सुविधाएं और खिलाड़ियों की जरूरत से जुड़ी अन्य व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।

खेल मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि डिप्टी डायरेक्टर स्तर के अधिकारी अपने-अपने जिलों के स्टेडियमों का महीने में कम से कम दो बार अचानक निरीक्षण करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण केवल औपचारिकता न हो, बल्कि मैदानों की स्थिति, उपकरणों की गुणवत्ता, खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाएं और रखरखाव की वास्तविक स्थिति की जांच की जाए। इससे स्टेडियमों में दी जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित होगी और किसी भी तरह की लापरवाही पर समय रहते कार्रवाई की जा सकेगी।

सरकार की खेल नीति के तहत हरियाणा देश का ऐसा राज्य है, जहां खिलाड़ियों को सबसे अधिक नकद पुरस्कार दिए जाते हैं। इसके साथ ही स्पोर्ट्स नर्सरी और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का लगातार विस्तार किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आ सकें। स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट होने वाले एथलीट न केवल बेहतर प्रशिक्षित होंगे, बल्कि भविष्य में कोचिंग, खेल प्रबंधन और अन्य क्षेत्रों में भी राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। सरकार का मानना है कि मजबूत खेल ढांचा ही आने वाले समय में हरियाणा को खेलों में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

Sunil Chauhan

सुनील चौहान हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 साल का अनुभव है और वे सामाजिक, प्रशासनिक और स्थानीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now