Weather Alert: मौसम विभाग (IMD) ने 9 मई को राजस्थान के कई जिलों में बारिश की भविष्यवाणी की है. विभाग की ओर से जारी अपडेट के अनुसार राज्य के 18 जिलों में आज हल्की बारिश हो सकती है. इन जिलों में अलवर, भरतपुर, दौसा, जयपुर, टोंक, बूंदी, कोटा, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, राजसमंद, पाली, सिरोही, जालौर, जोधपुर, बाड़मेर और जैसलमेर शामिल हैं. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. Weather Alert
गुरुवार को आंधी और बारिश से बदला मौसम
8 मई (गुरुवार) को राजस्थान के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश का दौर देखने को मिला. जयपुर, अलवर, टोंक, अजमेर, भीलवाड़ा और दौसा जैसे जिलों में दोपहर बाद से बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं. जयपुर और टोंक में तो चने के आकार के ओले भी गिरे, जिससे फसलों और आमजन को नुकसान पहुंचा.
बारिश से तापमान में आई गिरावट
बारिश के बाद कई जिलों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई. अजमेर में 10 मिमी, चित्तौड़गढ़ में 6 मिमी, डबोक में 19 मिमी और माउंट आबू में 13 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा सीकर, कोटा और उदयपुर जैसे इलाकों में भी घने बादल छाए रहे. मौसम ठंडा होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली.Weather Alert
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार गुरुवार को कुछ जिलों में रेड अलर्ट और कुछ में येलो अलर्ट जारी किया गया था. दौसा, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, सीकर जैसे जिलों में रेड अलर्ट रहा, वहीं झुंझुनूं, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, सिरोही, उदयपुर, राजसमंद, पाली, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में हल्की बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया.
12 मई तक जारी रहेगा मौसम में उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग का कहना है कि बारिश और आंधी का यह सिलसिला 12 मई तक जारी रह सकता है. इसके चलते राजस्थान के सभी जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है. कई शहरों में पारा सामान्य से 9 डिग्री तक नीचे चला गया है, जिससे गर्मी से राहत जरूर मिली है. लेकिन अचानक मौसम बदलाव के कारण सतर्कता जरूरी है.

















