रेवाड़ी, 10 दिसंबर: मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत खंड जाटूसाना में आयोजित अंत्योदय मेले में विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई स्टॉल का अवलोकन आईजी साउथ रेंज एम रवि किरण व एडीसी आशिमा सांगवान ने करते हुए आमजन से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
आईजी साउथ रेंज ने कहा कि सराकर द्वारा परिवार पहचान पत्र के माध्यम से चिह्नित किए गए जरूरतमंद व आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को स्वावलंबी बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। हरियाणा सरकार अंत्योदय की भावना से कदम उठाते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति को सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कृत संकल्प है। इसी श्रृंखला में आजादी अमृत महोत्सव के तहत अंत्योदय मेले जनसेवा को समर्पित होकर लगाए जा रहे हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक जरूरी सेवाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रभावी रूप से कदम उठा रही है।
एडीसी आशिमा सांगवान ने कहा कि आजादी अमृत महोत्सव के तहत अंत्योदय मेला लगाकर पात्र लोगों को लाभांवित किया जा रहा है। इसी श्रंखला में रेवाड़ी जिला में अंत्योदय मेलों के माध्यम से परिवार पहचान पत्र द्वारा चिह्नित लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ कर लाभांवित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अंत्योदय उत्थान मेलों के माध्यम से आमजन की आय के स्रोत बढ़ेंगे और युवाओं को अपनी इच्छानुसार व्यवसाय करने का अवसर भी मिलेंगे।
पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह यादव ने प्रात: कालीन सत्र में रिबन काटकर अंत्योदय मेले का शुभारंभ करते हुए कहा कि सरकार लोगों के कल्याण एवं उत्थान के लिए सराहनीय कार्य कर रही है। इस योजना से गरीब व्यक्ति को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा अंत्योदय की भावना के साथ समाज के गरीब वर्ग के उत्थान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं क्रियांवित की जा रही हैं, जिनका उन्हें पूरा लाभ मिल रहा है। इस अवसर पर एसडीएम कोसली होशियार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी रेणूबाला सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
———-
Rewari mela News: आईजी व एडीसी ने किया अंत्योदय मेले का अवलोकन
By P Chauhan
On: December 10, 2021 12:25 PM












