Political News Haryana: हरियाणा कांग्रेस के सांसदों ने मंगलवार को एक संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस कर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर हरियाणा की अनदेखी करने के गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि मौजूदा सरकारों के कार्यकाल में हरियाणा के अधिकारों को लगातार कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार अपने राजनीतिक आकाओं को खुश करने के लिए जनता से जुड़े मुद्दों पर चुप्पी साध लेती है, जिससे हरियाणा के हितों को नुकसान हो रहा है।
रिमोट कंट्रोल के जरिए चल रहे नायब सरकार: दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा की सरकार स्वतंत्र रूप से निर्णय लेने में असमर्थ है और दिल्ली से रिमोट कंट्रोल के जरिए चलाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चाहे किसानों के मुद्दे हों, कर्मचारियों के अधिकार हों या फिर युवाओं का भविष्य, हर मामले में प्रदेश सरकार केंद्र के दबाव में काम करती नजर आती है। कांग्रेस सांसद ने कहा कि हरियाणा के हक की लड़ाई में कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी और किसी भी कीमत पर राज्य के अधिकारों से समझौता नहीं होने देगी।Political News Haryana
रोजगार के लिए भटक रहे युवा: युवाओं के मुद्दे को उठाते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा के लाखों युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। प्रदेश में पर्याप्त नौकरियों के अवसर न मिलने के कारण युवाओं को मजबूरी में डंकी रूट जैसे खतरनाक रास्तों से विदेश जाना पड़ रहा है। उन्होंने इसे सरकार की नाकामी करार देते हुए कहा कि यदि प्रदेश में रोजगार, शिक्षा और उद्योग के बेहतर अवसर होते, तो युवाओं को अपनी जान जोखिम में डालकर विदेश जाने की जरूरत नहीं पड़ती।
कई प्रोजेक्ट हरियाणा से बाहर चले गए: दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि मैं पांच उदाहरण देता हूं, कभी मुख्यमंत्री नायब सैनी कहते हैं कि बिहार से उनका गहरा नाता है तो कभी पंजाब से नाता बताते हैं। पहला उदाहरण एसवाईएल के मुद्दे को लेकर केंद्र में कोई भाजपा नेता पैरवी करने नहीं गया था। दूसरा, चंडीगढ़ में हरियाणा की विधानसभा बनाने का मामला लटका हुआ है। इसी तरह कई प्रोजेक्ट हरियाणा से बाहर चले गए, इनमें रेलवे कोच, एयरपोर्ट मेट्रो का काम प्रदेश के बाहर चला गया। हिसार में इकलौता दूरदर्शन केंद्र बंद हो गया।
कांग्रेस सांसदों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण हरियाणा में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, जबकि सरकारी भर्तियां या तो अटकी हुई हैं या उनमें पारदर्शिता का अभाव है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और सरकार केवल आंकड़ों और घोषणाओं तक सीमित रह गई है। कांग्रेस ने मांग की कि प्रदेश में जल्द से जल्द स्थायी और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए।

















