नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने हाइवे पर सफर करने वालों के लिए एक नया और आकर्षक कदम उठाया है। अगर किसी टोल प्लाजा पर सफर के दौरान गंदा टॉयलेट दिखाई दे, तो आप इसकी सूचना NHAI को देकर 1,000 रुपए का Fastag रिचार्ज जीत सकते हैं। यह योजना स्वच्छ भारत अभियान को मजबूत करने के उद्देश्य से लागू की गई है।
ईनाम पाने का तरीका
इस योजना के तहत, यात्रियों को ‘राजमार्ग यात्री’ ऐप का नया संस्करण इस्तेमाल करना होगा। गंदे टॉयलेट की जियो-टैग्ड और टाइम-स्टैम्प्ड फोटो अपलोड करनी होगी। इसके साथ ही आपको अपना नाम, लोकेशन, वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। NHAI द्वारा सत्यापन के बाद सही पाए जाने पर वाहन नंबर पर 1,000 रुपए का Fastag रिचार्ज कर दिया जाएगा।
योजना की अवधि
यह योजना 31 अक्टूबर, 2025 तक देशभर के नेशनल हाईवे पर लागू रहेगी। यात्रियों को इस दौरान सफर के दौरान गंदे टॉयलेट की जानकारी भेजकर इनाम पाने का मौका मिलेगा।
ध्यान देने योग्य बातें
हर वाहन रजिस्ट्रेशन नंबर को इस योजना के दौरान केवल एक बार इनाम मिलेगा।
किसी एक टॉयलेट को एक दिन में केवल एक बार इनाम के लिए माना जाएगा।
अगर एक ही दिन में कई लोग एक ही टॉयलेट की रिपोर्ट करें, तो केवल पहली सही रिपोर्ट को इनाम मिलेगा।
हाइवे यात्रियों के लिए यह योजना सफर को उपयोगी और मजेदार बनाने के साथ स्वच्छता को बढ़ावा देने का सुनहरा अवसर है। अब सफर के दौरान गंदे टॉयलेट की रिपोर्ट कर Fastag रिचार्ज जीतना आसान हो गया है।

















