मुख्यमंत्री भगवंत मान की प्रतिबद्धता के अनुरूप सक्रिय पुलिसिंग और लोगों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हुए, पंजाब पुलिस ने यारा इंडिया के सहयोग से बुधवार को यहां पंजाब पुलिस मुख्यालय में एक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान ‘आई.एम. सेफ्टी हीरो’ की शुरुआत की। यह अभियान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव के निर्देश पर पंजाब पुलिस के यातायात और सड़क सुरक्षा विंग द्वारा शुरू किया गया।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) यातायात और सड़क सुरक्षा ए.एस. राय ने अभियान की औपचारिक शुरुआत करते हुए कहा कि इस पहल का उद्देश्य शिक्षा।
जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी के माध्यम से कृषि वाहनों, विशेष रूप से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से जुड़ी सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या से निपटना है। कार्यक्रम के दौरान, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के लिए रिफ्लेक्टिव सुरक्षा स्टिकर जारी किए गए और पूरे वर्ष जागरूकता अभियानों का समर्थन करने के लिए विशेष रूप से डिजाइन की गई सूचना, शिक्षा और संचार (आईईसी) सामग्री भी लॉन्च की गई।
इस अवसर पर यारा साउथ एशिया के प्रबंध निदेशक संजीव कंवर और पंजाब सड़क सुरक्षा और यातायात अनुसंधान केंद्र (पीआरएसटीआरसी) के निदेशक डॉ. नवदीप असीजा भी मौजूद थे। एडीजीपी ने बताया कि यह सामग्री पंजाब पुलिस के सभी जिलों और कमिश्नरेट में यातायात और सड़क सुरक्षा शिक्षा प्रकोष्ठों में वितरित की जाएगी, जिससे संरचित प्रोग्रामिंग के माध्यम से हजारों छात्रों और समुदाय के सदस्यों तक पहुंचा जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान की शुरुआत करने के लिए एशिया की सबसे बड़ी अनाज मंडी खन्ना मंडी में गुरुवार से 3 दिवसीय मॉडल किसान जागरूकता शिविर शुरू होगा। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2017 से 2022 के दौरान पंजाब में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से जुड़ी 2,048 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिसके परिणामस्वरूप 1,569 मौतें हुईं और मरने वालों में ज्यादातर किसान थे।
















