Haryana: हरियाणा के इस जिले में अमेरिका भेजने के नाम पर ठगी ,  दंपती से हड़पे 17.45 लाख रुपए   

On: June 8, 2025 9:51 AM
Follow Us:
fraud

Haryana: हरियाणा के जींद जिले में एक दंपती को अमेरिका भेजने के नाम पर उनसे 17 लाख 45 हजार रुपए हड़प लिए। आरोपियों ने पहले यूके की यूनिवर्सिटी में एडमिशन दिलवाने, वहां वर्क परमिट और फिर वहां से लीगल तरीके से सीधे अमेरिका भेजने का झांसा दिलाया। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

खबरों की माने , तो सफीदों सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में रोहड निवासी नवदीप ने बताया कि उसका छोटा भाई अमृत सिंह और उसकी पत्नी कोमलप्रीत कौर विदेश जाना चाहते थे। उन्होंने पानीपत अनाज मंडी में विदेश भेजने वाली कन्सलटेंसी में काम करने वाले अभिषेक चौहान, दीपक चंद के साथ बात की तो वह उनके घर आए और उन्हें बातों में फंसाकर लीगल तरीके से अमेरिका भेजने की बात कही। 38 लाख रुपए में बात फाइनल हुई, जिसमें वीजा खर्च भी शामिल था।

28 अक्टूबर 2022 को कागजी कार्रवाई के नाम पर डेढ़ लाख रुपए नकद लिए तथा डेढ़ लाख रुपए की RTGS करवाई। इसके बाद आरोपियों ने कहा कि अमेरिका का डायरेक्ट वीजा नहीं लगेगा। पहले दोनों को यूके भेजकर कोर्स करवाना होगा, जिसके बाद वहां यूके में वर्क वीजा लगवाएंगे और वहां से अमेरिका भेजा जाएगा। यूके में कोर्स में दाखिले के लिए दो लाख और मांगे तो उन्होंने दे दिए। इसके बाद उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी में एडमिशन के लिए बैंक खाते में फंड दिखाना जरूरी है। इसलिए उन्होंने दो लाख रुपए और मंगवाए। अभिषेक ने राजपुरा में उससे दो लाख रुपए नकद लिए। उनसे खाली चेकों पर साइन करवाए गए।

खबरों के मुताबिक ,मार्च 2023 में उनसे 4 लाख 40 हजार रुपए, अक्टूबर में 1 लाख 10 हजार रुपए एक बार, दूसरी बार में 9 लाख रुपए और फिर दो लाख रुपए नकद लिए। डॉक्टरी जांच के नाम पर 80 हजार रुपए, बीमा के नाम पर 1 लाख 25 हजार रुपए लेने के बाद फिर से कोर्स फीस के नाम पर 4 लाख 40 हजार रुपए मांगे गए। आरोपियों ने फर्जी लैटर भेजा, जिस पर 8 लाख रुपए फीस दर्शाई गई थी। आरोपी कुल 17 लाख 45 हजार रुपए उनसे ले गए लेकिन विदेश नहीं भेजा।

कई महीने तक आरोपी टाल-मटोल करते रहे। आरोपियों ने उसके भाई की पत्नी के नाम से फर्जी डिग्री भी बनवा ली। जब विदेश नहीं भेजा गया तो उन्होंने अपने रुपए वापस मांगे, जिस पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने पानीपत से कार्यालय उठाकर दिल्ली शिफ्ट कर लिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपियों पर करनाल में भी धोखाधड़ी के केस दर्ज हैं। सफीदों सदर थाना पुलिस ने म्यूर विहार दिल्ली निवासी अभिषेक चौहान और इस्ट दिल्ली प्रीत विहार खिचडीपुर निवासी दीपक चंद के खिलाफ कबूतरबाजी, धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है।

Sunil Chauhan

सुनील चौहान हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 साल का अनुभव है और वे सामाजिक, प्रशासनिक और स्थानीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now