Rewari: कोरोना का कहर: चाईनीज कर्मचारी सहित रेवाडी में छह लोगों ने तोडा दम, शुक्रवार को 249 मिले नए केस
रेवाडी: सुनील चौहान। जिले मे कोरोना वायरस का कहर जारी है। हालांकि प्रदेश में इसकी रफ्तार कुछ धीमी पड़ रही है, मगर रेवाड़ी में एक-दो दिन के राहत के बाद फिर से यह संक्रमण अपना विकराल रूप दिखा रहा है। शुक्रवार को चाईनीच युवक सहित 6 संक्रमितों की मौत हुई है।
शुक्रवार को मिले 249 केस: जिले में शुक्रवार को संक्रमण के 249 नए केस भी मिले हैं। जिला में अब तक संक्रमित मिलने वालों का आंकड़ा 18167 पहुंच गया है। इनमें शुक्रवार को 180 केस पुराने भी जोड़े गए हैं। उन जिलों की ओर से अब रेवाड़ी के केस बताते हुए 180 संक्रमितों की सूची भेजी गई है। शुक्रवार को स्वस्थ होने वालों की संख्या इससे कम रही। शुक्रवार को 190 मरीज ठीक हुए। जबकि पिछले दो दिनों के दौरान 400 से अधिक मरीज ठीक हुए थे।
चाइनीज युवक की ईलाज के चलते मौत्:
चाइना का रहने वाला 34 वर्षीय युवक पिछले कुछ माह से रेवाड़ी की एक सोसायटी में रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह कस्टमर तकनीकी सहायक के तौर पर बावल क्षेत्र की एक मल्टीनेशनल कंपनी में आया था, लेकिन कोरोना के चलते वह कंपनी भी नहीं जा रहा था। इसी बीच वह संक्रमित हो गया। करीब 18 दिन उसका उपचार चला। उसे शहर के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। कंपनी को इसकी जानकारी मिलने पर महाप्रबंधक व निदेशक भी पहुंचे। कोविड-19 प्रोटोकॉल के चलते शव को परिवार या अटेंडेंट को नहीं सौंपा जा सकता। इसलिए नगर परिषद की टीम ने ही उसका अंतिम संस्कार किया।
कंपनी अधिकारियों की ओर से इसके लिए बाकायदा मृतक के परिवार से बात कर उनकी सहमति ली। परिवार ने हिंदू रिति से अंतिम संस्कार की सहमति दी। इसके बाद महाप्रबंधक व निदेशक ने ही मुखाग्नि दी। परिवार के लोगों ने वीडियो कॉल के माध्यम से अंतिम क्रिया देखी।
पॉजिटिविटी रेट 7.47%:
कुल सैंपल में से संक्रमित मिलने वालों की संख्या पॉजिविटी रेट होती है। यानी जिला में सैंपल के हिसाब से कुल 7.47% लोग संक्रमित मिले हैं। जिले में 243088 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें कुल 18167 रिपोर्ट पॉजिटिव रही हैं।
मृत्यु दर- फैटलिटी रेट- 1.2%
कुल संक्रमितों में जितने लोगों की मृत्यु हुई है, वो मृत्यु दर होगी। जिले में यह 1.2% है। अभी तक 18167 में से 230 लोगों की मृत्यु हुई है। सबसे अधिक मौतें अप्रैल और मई माह के दौरान ही हुई हैं। इसमें केस भी सबसे ज्यादा मिले।
रिकवरी रेट 91.6%
कुल संक्रमित मिलने वालों में से जितने लोग स्वस्थ हो चुके हैं, वो रिकवरी रेट होगी। जिले में अभी तक 18167 संक्रमितों में से 16647 के स्वस्थ होने की पुष्टि की जा चुकी है। यानी 100 में से 91.6% लोग ठीक हो रहे हैं। शुक्रवार को भी 190 मरीज ठीक हुए।
1.97 लाख लोगों की स्क्रीनिंग हुई
कोरोना का सबसे अधिक खतरा शहरी क्षेत्रों में रहा है। पिछले कुछ दिनों में ग्रामीण एरिया में संक्रमण ने पैर पसारने शुरू कर दिए। कई गांवों में एक के बाद एक मौतें हो गई। सरकार ने तुरंत ग्रामीण एरिया में डोर टू डोर सर्वे के आदेश दिए। जिले में जिला प्रशासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें गठित की गई, जो कि 5 दिन से फील्ड में हैं तथा घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को टीमों ने 197055 लोगों की स्क्रीनिंग की। इनमें 1461 लोग खांसी-जुकाम से पीड़ित मिले। इस दौरान 611 रैपिड टेस्ट किए गए, इनमें 4 लोग कोरोना संक्रमित मिले। आरटीपीसीआर के 259 टेस्ट हुए। 13 लोगों को संक्रमण मिला।