Kisan Andolan: राकेश टिकैत के साथ सिंधु बॉर्डर से 4 बसों से दिल्ली रवाना हुए किसान
हरियाणा: संसद के मानसून सत्र के बीच तीनों कृषि कानूनों के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से गुरुवार को जंतर-मंतर पर किसान संसद लगाई जाएगी। इसके लिए 200 किसानों का एक दल सिंधु बॉर्डर से 4 बसों में सवार होकर दिल्ली के लिए रवाना हो चुका है।
बस में सवार किसानों की पूरी लिस्ट दिल्ली पुलिस के पास है, जिसे वेरिफाई करने के बाद दिल्ली पुलिस किसानों की बस को पाइलट करते हुए रवाना हो चुकी है। 12 बजे किसान जंतर-मंतर पर पहुंच जाएंगे। किसानों के साथ बस में किसान नेता राकेश टिकैत भी हैं।
इससे पहले टीकरी बॉर्डर से कुछ किसान बस में सवार होकर सिंधु बॉर्डर पर पहुंचे थे। दरअसल, संयुक्त किसान मोर्चा ने 22 जुलाई को तीनों कृषि कानूनों के विरोध में संसद मार्च का ऐलान किया था, लेकिन दिल्ली पुलिस से उन्हें संसद तक जाने की अनुमति नहीं मिली।
बुधवार को दिल्ली पुलिस ने 200 किसानों को जंतर-मंतर तक जाने की इजाजत शर्तों के साथ दी थी। इसके बाद संयुक्त किसान मोर्चा ने दिल्ली जाने वाले किसानों की सूची तैयार करके उन्हें आई कार्ड जारी किए।