Haryana: नारनौल के जलमहल पर मनाया जाएगा ‘आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम’ कल

नारनौल: सुनील चौहान। देश के 100 आदर्श स्मारकों में शामिल जलमहल के नाम कल एक और उपलब्धि लिखी जाने वाली है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को ऐतिहासिक ढंग से मनाएगा और इसका गवाह बनेगा शहर का ऐतिहासिक जलमहल।

विभागीय योजना के तहत योग दिवस को ऐतिहासिक बनाने के लिए देशभर के 30 ऐतिहासिक स्मारकों पर ऐतिहासिक कार्यक्रम ‘आजादी का महोत्सव’ आयोजित किए जाएंगे। इसी कड़ी में विभाग के चंडीगढ़ सर्कल में दो कार्यक्रम होंगे। एक पंजाब के अमृतसर स्थित कंपनी बाग के सुम्मेर पैलेस में तथा दूसरा जलमहल नारनौल में होगा, जबकि दो छोटे कार्यक्रम शेख चिल्ली मकबरा थानेसर कुरुक्षेत्र में तथा दूसरा हांसी किले में होगा।

जलमहल में आयोजित किए जाने वाला कार्यक्रम करीब डेढ़ घंटे का होगा। इसमें 40 मिनट योगा सेशन तथा 30 मिनट सांस्कृतिक कार्यक्रम ड्रामा तथा 20 मिनिट व्याख्यान कार्यक्रम होगा। योगा सेशन में योगाचार्य बजरंग जांगिड़ योगाभ्यास के साथ-साथ योग से होने वाले लाभों के बारे में बताएंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान दिल्ली के मशहूर ड्रामेटिक क्लब द्वारा ‘करो योग, रहो निरोग’ नाटक के माध्यम से योग का महत्व दर्शाया जाएगा। इस कार्यक्रम की 30 से अधिक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाइव स्ट्रीमिंग चलेगी। नगर परिषद की चेयरपर्सन भारती सैनी जलमहल पर होने वाले कार्यक्रम की मुख्य अतिथि होंगी।

साथ ही विभाग के चंडीगढ़ सर्कल के संरक्षण सहायक अनुराग लोचब, सहायक पुरातत्वविद् अक्षत कौशिक व गरिमा कौशिक, पुरातत्व इंजीनियर एके गुप्ता व स्मारक परिचर सुरेंद्र यादव भी इस दौरान उपस्थित रहेंगे।

ऐतिहासिक कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी:
योग दिवस को ऐतिहासिक बनाने के लिए नारनौल जलमहल व अमृतसर सुम्मेर पैलेस में ऐतिहासिक कार्यक्रम होंगे। इनकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इनके अतिरिक्त हांसी किले व थानेसर मकबरा स्थल पर भी कार्यक्रम होंगे। -अनुराग लोचब, संरक्षण सहायक, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग, सर्कल चंडीगढ़।

WhatsApp Group Join Now
Google News Join Now
Back to top button