Delhi-Katra Expressway: दिल्ली-अमृतसर-कटड़ा एक्सप्रेसवे का हरियाणा खंड 116 किलोमीटर में बनकर तैयार है, और इस पर वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है. जम्मू-कश्मीर में भी निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है. जबकि पंजाब में काम दिसंबर 2025 तक पूरा होने की उम्मीद है. इसके बाद दिल्ली से माता वैष्णो देवी के कटड़ा धाम तक का सफर महज 6 घंटे में तय किया जा सकेगा.
पुराने रूट में 12-13 घंटे का लगता था समय
पहले दिल्ली से कटड़ा जाने के लिए यात्रियों को 727 किलोमीटर का लंबा और व्यस्त सफर तय करना पड़ता था. जिसमें 12 से 13 घंटे लगते थे. नया एक्सप्रेसवे यह दूरी घटाकर 670 किलोमीटर कर देगा और समय आधा हो जाएगा.
हरियाणा से गुजरने वाले रूट की पूरी जानकारी
एक्सप्रेसवे हरियाणा में जसौर खेड़ी (झज्जर) से शुरू होकर सोनीपत, जींद और कैथल होते हुए पंजाब की सीमा तक जाएगा. रास्ते में गोहाना के रुखी और गंगाना गांवों के पास एग्जिट और एंट्री प्वाइंट बनाए गए हैं. जिससे दिल्ली और पंजाब दोनों ओर का सफर काफी सुगम हो गया है.
पंजाब और जम्मू तक बनेगा मजबूत संपर्क
एक्सप्रेसवे के पूरा होते ही यह पटियाला, लुधियाना, जालंधर, अमृतसर, पठानकोट होते हुए जम्मू तक पहुंचेगा. इससे पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के यात्रियों को तेज और सुरक्षित कनेक्टिविटी मिलेगी.
एक्सप्रेसवे पर तय होगी 120 किमी/घंटा की गति सीमा
पूरे 670 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे पर हल्के वाहनों के लिए गति सीमा 120 किमी/घंटा और भारी वाहनों के लिए 80 किमी/घंटा तय की गई है. इससे यात्रियों को तेज और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा.
दोपहिया, ऑटो और ट्रैक्टर पर प्रतिबंध
इस एक्सप्रेसवे पर दोपहिया वाहन, ऑटो और ट्रैक्टर की अनुमति नहीं होगी. यह प्रतिबंध यात्रा की सुरक्षा और गति बनाए रखने के उद्देश्य से लगाया गया है.
उद्योगपतियों का बढ़ा रुझान, खुलेंगे रोजगार के द्वार
गोहाना क्षेत्र में फास्ट कनेक्टिविटी के चलते उद्योगपतियों की दिलचस्पी बढ़ी है. जमीन की उपलब्धता और बेहतर कनेक्टिविटी के चलते यहां नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो रही हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं.
जानिए दिल्ली से कटड़ा का नया यात्रा लाभ
पुरानी दूरी: 727 किमी → अब 670 किमी
समय बचत: पहले 13 घंटे → अब 6 घंटे
रफ्तार: 120 किमी/घंटा (हल्के वाहन)
एग्जिट प्वाइंट: रुखी, गंगाना (गोहाना क्षेत्र)
लाभ: जाम से छुटकारा, समय की बचत, तीर्थ यात्रियों को बड़ी राहत
प्रोजेक्ट टाइमलाइन एक नजर में
पंजाब में कार्य प्रगति पर
DPR: नवंबर 2019
भूमि अधिग्रहण: 2020
नींव रखी गई: 2022
हरियाणा और जम्मू में कार्य पूरा

















