आंगनवाड़ी वर्करों के लिए बेहद खुशखबरी सामने आई है। सरकार वर्करों को बड़ी सुविधा देने जा रही है। फ्रंटलाइन वर्करों को स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए पंजाब के सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने आज कहा कि विभाग की ओर से चलाए गए विशेष अभियान के तहत राज्य में आंगनवाड़ी वर्करों के स्वास्थ्य कार्ड जारी किए जा रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री बलजीत कौर ने कहा कि राज्य में 56.26% आंगनवाड़ी वर्करों और 46.15% आंगनवाड़ी हेल्परों को आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि यह मांग लंबे समय से लंबित थी, जिसे पूरा करना विभाग की प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि अब तक 99 प्रतिशत आंगनवाड़ी वर्करों और हेल्परों की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिसके चलते जल्द ही बाकी बचे कार्ड भी जारी कर दिए जाएंगे।
कैबिनेट मंत्री बलजीत ने लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत हर कार्डधारक को देश भर के नामित अस्पतालों में सालाना 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की लोगों के कल्याण के प्रति वचनबद्धता को दोहराते हुए डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि राज्य सरकार हर वर्ग के कल्याण और पंजाब को खुशहाल बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

















