Haryana news: रेवाडी में दो करोड़ की सड़क से दस माह में ही उखड़ने लगी रोड़ियां

On: March 13, 2026 10:20 PM
Follow Us:
CORRUPTION

Haryana news: रेवाड़ी नगर परिषद में सीसी रोड निर्माण कार्य को लेकर एक बार फिर भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। ब्रह्मगढ़ से लेकर ब्रास मार्केट को जाने वाले मार्ग पर करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई सीसी सड़क का हाल निर्माण के कुछ ही समय बाद खराब हो गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब दस वर्ष की आयु वाली बताई गई यह सड़क दस माह भी नहीं टिक सकी और जगह-जगह से कंक्रीट की रोड़ियां बाहर निकलने लगीं।

हालात ऐसे हैं कि सड़क की खराब गुणवत्ता को छिपाने के लिए अब उन स्थानों पर काला तारकोल डालकर मरम्मत की जा रही है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि सड़क का उद्घाटन होने से पहले ही कई स्थानों पर निर्माण की खामियां दिखाई देने लगी थीं, लेकिन उस समय भी किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।Haryana news

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नगर परिषद के अधिकारियों और ठेकेदारों की कथित मिलीभगत के कारण घटिया निर्माण कार्य को अनदेखा किया गया, जिससे जनता के टैक्स के रूप में जमा करोड़ों रुपये बर्बाद हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि शहर की कई अन्य सीसी सड़कों की भी यही स्थिति है, जहां निर्माण के तुरंत बाद ही कंक्रीट उखड़ने लगा।

कई स्थानों पर सीमेंट का घोल डालकर सड़कों की खराबी को अस्थायी रूप से छिपाने की कोशिश की जा रही है। नागरिकों ने आरोप लगाया कि शिकायत करने के बावजूद संबंधित ठेकेदारों को भुगतान कर दिया जाता है, जिससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता है।

इस पूरे मामले पर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अंकित वशिष्ठ का कहना है कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं था और अब जानकारी मिलने के बाद इसकी जांच कराई जाएगी। वहीं कांग्रेस के शहरी प्रधान प्रवीण चौधरी ने नगर परिषद के निर्माण कार्यों पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर में हो रहे भ्रष्टाचार पर न तो नेताओं की नजर पड़ रही है और न ही अधिकारियों की। उन्होंने आरोप लगाया कि कमीशन के चक्कर में अधिकारी ठेकेदारों का बचाव करते हैं और घटिया निर्माण कार्य को नजरअंदाज कर दिया जाता है।Haryana news

उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की विजिलेंस जांच कराई जाए, ताकि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो सके और जनता के पैसे का सही उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही मुख्यमंत्री नायब सैनी से भी नगर परिषद में व्याप्त भ्रष्टाचार पर सख्ती से नकेल कसने की मांग की गई है।

Sunil Chauhan

सुनील चौहान हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 साल का अनुभव है और वे सामाजिक, प्रशासनिक और स्थानीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now