Dharuhera: दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मालपुरा के निकट शिव कांवड़ सेवा संघ द्वारा आयोजित आठवें कांवड़ सेवा शिविर का विधिवत शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। शिविर की शुरुआत पंडित भीम क्षत्रिय ने हवन व पूजन कराकर कराई, जिसमें अनेक श्रद्धालुओं ने भाग लिया। अतिथियों ने सिद्धपीठ शिवलिंग पर जलाभिषेक कर शिवभक्ति का भाव प्रकट किया।
इस अवसर पर आयोजकों ने बताया कि भगवान शिव की कृपा से इस वर्ष भी श्रावण मास के पावन अवसर पर शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा के लिए यह शिविर लगाया गया है। शिविर में आने वाले कांवड़ियों के लिए अखंड भंडारे की व्यवस्था की गई है, जहां उन्हें भोजन और जल की सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही आराम करने के लिए विश्राम स्थल और प्राथमिक चिकित्सा की भी पूरी व्यवस्था शिविर में रहेगी। Dharuhera
शिविर के आयोजकों ने कहा कि श्रावण मास में भोलेनाथ के भक्तों की सेवा करना एक पुण्य कार्य है और इस सेवा से आत्मिक शांति प्राप्त होती है। हवन के दौरान “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। इस शुभ अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि मलखान, नितिन, राजू, प्रदीप, नीतू, रणधीर, सतीश सहित अनेक गणमान्य लोग और भक्तगण उपस्थित रहे।

















