Haryana: हरियाणा के जिला रेवाड़ी के गांव बीकानेर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में शटरिंग का कार्य कर रहे ठेकेदार की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान राजस्थान के सीकर जिले के झालरा गांव निवासी महेश सहरावत के रूप में हुई है, जो पिछले 10 वर्षों से रेवाड़ी में रहकर शटरिंग का कार्य कर रहा था। वह अजयनगर कॉलोनी में किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रहता था।
घटना उस समय हुई जब महेश बीकानेर गांव में एक मकान की छत पर शटरिंग कर रहा था। मकान के पास से 11 हजार केवीए की हाई टेंशन लाइन गुजर रही थी, जिस पर मकान मालिक ने रबड़ की सुरक्षा कवच चढ़ा रखी थी। महेश की नजर जब रबड़ पर पड़ी तो उसने देखा कि वह थोड़ी खिसकी हुई है।
उसे ठीक करने के लिए वह एक पाइप के सहारे रबड़ को खिसकाने लगा, लेकिन पाइप करंट की चपेट में आ गया और पिघल गया, जिससे महेश को तेज करंट लग गया। करंट लगते ही वह संतुलन खो बैठा और छत से नीचे गिर पड़ा। Haryana
घटना के तुरंत बाद मकान मालिक उसे गंभीर हालत में रेवाड़ी के ट्रॉमा सेंटर ले गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। महेश सहरावत दो बच्चों का पिता था और अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य के रूप में कार्य कर रहा था। हादसे के बाद परिजनों को सूचित किया गया है और पुलिस मामले में जांच कर रही है। फिलहाल शव को अस्पताल में सुरक्षित रखा गया है और पुलिस परिजनों के पहुंचने का इंतजार कर रही है।

















