Aastha Poonia: भारतीय नौसेना की पहली महिला फाइटर पायलट बनीं सब लेफ्टिनेंट आस्था पूनिया का हरियाणा से संबंध है। आस्था पूनियां का पुश्तैनी गांव हिसार का लाडवा है। लाडवा गांव में कुर्सीनाम मौजूद है। इस कुर्सीनामा में जिक्र है कि गांव लाडवा को बसाने वाले नेता पूनिया की 15वीं पीढ़ी हिसार से उत्तर प्रदेश चली गई है।
अखिल भारतीय सार्वजनिक पूनिया खाप के हरियाणा प्रधान शमशेर सिंह नंबरदार भी इसी गांव लाडवा से है। उनका कहना है कि यूपी के बागपत जिले में 5 गांव पूनिया गोत्र के हैं। लाडवा गांव से गए पूनिया गोत्र के लोग वहां जाकर बस गए।
शमशेर लाडवा ने कहा कि उन्हें बहुत खुशी है कि उनके गांव से नाता रखने वाले परिवार की बेटी ने बड़ा पद हासिल किया है। पूनिया खाप बेटी को सम्मानित करेगी और पूनिया रत्न अवॉर्ड भी देगी। उन्होंने कहा कि अभी बेटी विशाखापट्टनम में है।
दादा बोले- लाडवा के बाद भिवानी के मंधाना में गए थे पूर्वज
आस्था पूनिया के दादा बुद्ध सिंह चौधरी का कहना है कि उनका पैतृक गांव हिसार का लाडवा है। इसके बाद उनके पूर्वज भिवानी के गांव मंधाना चले गए थे। वहां से उत्तर प्रदेश आ गए।
आस्था बचपन से ही बहुत होशियार थी। गांव आती थी तो सेना के बारे में पूछती थी। बचपन में जब आसमान में हवाई जहाज उड़ते हुए देखती थी तो बोलती थी- दादू… एक दिन मैं भी जहाज उड़ाउंगी। आज उसने अपना सपना साकार कर लिया।

















