Haryana News: हिसार जिले में वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर आई है। नेशनल हाईवे के चारों टोल प्लाजा पर टोल टैक्स दरों में कटौती कर दी गई है। सरकार और नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के फैसले से वाहन चालकों को 5 रुपए से 25 रुपए तक की राहत मिली है।
रामायण-मैयड़ टोल प्लाजा पर टोल दरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। यहां वाहन चालकों को पहले की तरह 95 रुपए का टोल टैक्स चुकाना होगा। वहीं, लांधड़ी, बाडडो पट्टी और चौधरीवास टोल प्लाजा पर कार चालकों को पहले की तुलना में कम टोल देना होगा। NHAI ने सभी टोल प्लाजा पर नई रेट लिस्ट चस्पा कर दी है। यह नई दरें 3 अक्टूबर की रात 12 बजे से लागू हो गई हैं।
नई दरों के अनुसार, रामायण टोल प्लाजा पर एलसीवी, एलजीबी और मिनी बसों का सिंगल जर्नी टोल 5 रुपए कम किया गया है। 2-एक्सल ट्रक और अन्य वाहनों का सिंगल जर्नी 10 रुपए और रिटर्न जर्नी 25 रुपए कम की गई है।
थ्री-एक्सल कमर्शियल वाहनों का सिंगल जर्नी 10 रुपए और रिटर्न जर्नी 25 रुपए कम किया गया है। 4-8 एक्सल वाहनों (एचसीएम, ईएग्ड, एमएवी) के लिए सिंगल जर्नी 15 रुपए और रिटर्न जर्नी 10 रुपए कम की गई है। ओएसवी (7 या अधिक एक्सल) वाहनों पर सिंगल और रिटर्न जर्नी दोनों 15 रुपए कम किए गए हैं।
मंथली पास में भी 10 रुपए की कटौती की गई है, अब इसके लिए 340 रुपए का भुगतान करना होगा। इस बदलाव से नियमित यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
















