Haryana News: हरियाणा सरकार ने किसानों के लिए एक बड़ा और खुशखबरी वाला कदम उठाया है। नायब सिंह सैनी की सरकार अब राज्य में फल, सब्जी, फूल, मसाला और सुगंधित पौधों की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को लाखों रुपये तक का अनुदान देगी। इस योजना का उद्देश्य बागवानी को बढ़ावा देना और किसानों की आय को तेजी से बढ़ाना है।
सरकार द्वारा जारी नई स्कीम के तहत किसान प्रति एकड़ 24,500 रुपये से लेकर 1 लाख 40 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता प्राप्त कर सकेंगे। यह अनुदान अधिकतम 5 एकड़ भूमि तक दिया जाएगा। यानी अगर कोई किसान पांच एकड़ में बागवानी की योजना बनाता है तो उसे लाखों रुपये तक सहायता मिल सकती है।
इस योजना में कई तरह की फसलों को शामिल किया गया है। फलों के नए बाग लगाने, सब्जियों की एकीकृत खेती, फूलों और मसालों की फसलों के साथ-साथ सुगंधित पौधों की खेती को भी इस अनुदान में कवर किया गया है। इससे किसानों को पारंपरिक खेती के अलावा अधिक लाभदायक विकल्प मिलेंगे।
सरकार के अनुसार सब्जियों की एकीकृत खेती पर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ का अनुदान मिलेगा जबकि अनुसूचित वर्ग के किसानों के लिए यह राशि 25 हजार रुपये तक कर दी गई है। मसालों की फसलों पर 15 हजार से 30 हजार रुपये तक और फूलों की खेती पर 8 हजार से 40 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा सुगंधित पौधों की खेती के लिए 8 हजार रुपये प्रति एकड़ का अनुदान तय किया गया है।
किसान इस योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण भी कर सकते हैं। इसके लिए “मेरी फसल मेरा ब्योरा” पोर्टल और “होर्टनेट पोर्टल” (hortnet.hortharyana.gov.in) पर रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध है। योग्यता पूरी होने पर अनुदान की राशि सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजी जाएगी।

















