Janmashtami: देशभर में शनिवार को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। राजस्थान के प्रमुख धार्मिक स्थलों सीकर जिले के खाटूश्यामजी और राजसमंद जिले के नाथद्वारा स्थित श्रीनाथजी मंदिर में जन्माष्टमी पर विशेष आयोजन किए जा रहे हैं।
खाटूश्यामजी मंदिर और आसपास की गलियों को भव्य रूप से सजाया गया है। इस बार बाबा श्याम का शृंगार विशेष किस्म के विदेशी फूलों से किया गया, जिनकी अद्भुत खुशबू लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है। वहीं नाथद्वारा में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का स्वागत शनिवार रात 12 बजे 21 तोपों की सलामी के साथ किया जाएगा।Janmashtami

खाटूश्यामजी मंदिर कमेटी के व्यवस्थापक संतोष कुमार ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी जन्माष्टमी पर खाटू क्षेत्र के 60 से 70 मंदिरों में विशेष प्रसाद भेजा जाएगा। इसमें पंचामृत, पंजीरी और विभिन्न प्रकार की मिठाइयां शामिल होंगी।
साथ ही देर रात रंग-बिरंगी आतिशबाजी से पूरा आकाश जगमगा उठेगा। यहां आयोजित विशेष भजन संध्या में देशभर के प्रसिद्ध गायक बाबा श्याम की महिमा का गुणगान करेंगे और भक्तिमय वातावरण बनाएंगे।

जन्माष्टमी पर बाबा श्याम को पंचामृत, माखन-मिश्री और मावे का भोग अर्पित किया जाएगा। भक्तों के बीच पारंपरिक प्रसाद धनिया की पंजीरी, पंचामृत और माखन-मिश्री का वितरण किया जाएगा।
ठीक रात बारह बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की वेला पर पूरे मंदिर परिसर में शंखनाद और घंटियों की गूंज के बीच महाआरती होगी। इसके बाद विशेष प्रसाद भक्तों को वितरित किया जाएगा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

















