Delhi-NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में इन दिनों कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। तेज़ ठंडी हवाओं की वजह से तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। राजधानी में रात का तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया है। सुबह के समय घने कोहरे और कुहरे की वजह से दृश्यता भी काफी प्रभावित हो रही है। हालांकि दिन के दौरान सूरज की रोशनी ठंड को कुछ हद तक कम कर रही है, लेकिन सुबह और शाम की ठंड अभी भी लोगों को परेशान कर रही है।
दिल्लीवासियों को ठंड के साथ-साथ बढ़ते प्रदूषण का भी सामना करना पड़ रहा है। राजधानी में पिछले 12 दिनों से एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बहुत खराब स्तर पर बना हुआ है। आज सुबह भी दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब दर्ज की गई।
आज दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली का आज सुबह का मौसम साफ रहेगा। कई इलाकों में सुबह कोहरे की परत भी देखी गई। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
27 नवंबर से 2 दिसंबर तक अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इस दौरान कई जगहों पर मध्यम कोहरा भी बने रहने की संभावना है।
तापमान में गिरावट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में दिल्ली का न्यूनतम तापमान थोड़ा और नीचे आया है। मंगलवार को राजधानी में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान पश्चिमी हवाओं की गति लगभग 12 किलोमीटर प्रति घंटे रही।
















