Crime News: भिवाड़ी के खिजुरीवास टोल प्लाजा के पास स्थित राजेश ट्रेवल्स प्राइवेट लिमिटेड की पार्किंग में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। पार्किंग में खड़ी 6 गाड़ियों से ईसीएम, ईसीएम वायर, जैक समेत कई कीमती वाहन पुर्जे चोरी हो गए हैं। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 18 लाख रुपये बताई जा रही है।
कंपनी के मैनेजर विवेक कुमार ने फूलबाग थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि टोल प्लाजा के पास किराए की जमीन पर बनी इस पार्किंग में सामान्यतः 15 से 20 गाड़ियां खड़ी रहती हैं। यह चोरी 3 जून की रात को हुई थी, लेकिन इसकी जानकारी कंपनी को 5 जून की सुबह करीब 8:30 बजे मिली, जब कर्मचारी नियमित निरीक्षण के लिए पहुंचे। Crime News
विवेक कुमार ने चोरी की वारदात में कंपनी के दो पूर्व कर्मचारियों पर संदेह जताया है। इनमें एक रेवाड़ी के लिलोढ़ गांव का निवासी साहिल भारद्वाज है, जिसने पिछले महीने कंपनी से इस्तीफा देने से पहले कंपनी का लैपटॉप इस्तेमाल कर महत्वपूर्ण डेटा डिलीट कर दिया था। दूसरा आरोपी खरगवास निवासी हितेश यादव है, जिस पर पुराने टायर, स्क्रैप और ऑयल को बिना अनुमति के बेचने का आरोप है।
चोरी गई गाड़ियों में दो नई गाड़ियां भी शामिल हैं, जिनका अभी रजिस्ट्रेशन होना बाकी था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। चोरी की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
















