IGU Rewari: इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर में अर्थशास्त्र विभाग एवं सामाजिक कार्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन विभागाध्यक्ष प्रोफेसर विकास बतरा के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अर्थशास्त्र विभाग के प्रो. सतीश कुमार ने किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न प्राध्यापकों और समन्वयकों ने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। पुस्तकालय प्रभारी प्रो. पंकज त्यागी ने छात्रों को पुस्तकालय में उपलब्ध अर्थशास्त्र और सामाजिक कार्य विषयक पुस्तकों, संदर्भ पत्रिकाओं व ई-बुक्स के बारे में जानकारी दी और नई पुस्तकों के अध्ययन के लिए प्रेरित किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनीता यादव ने एनएसएस की शुरुआत, महत्व और व्यक्तित्व निर्माण में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं, वाईआरसी कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पवन ने यूथ रेड क्रॉस शिविरों व गतिविधियों की जानकारी दी।
डॉ. प्रियंका रंगा ने एनएसएस और वाईआरसी की महत्ता पर चर्चा करते हुए छात्रों को इनसे जुड़ने के लिए प्रेरित किया। सामाजिक कार्य विभाग के डॉ. सतेंद्र और अर्थशास्त्र विभाग के डॉ. देवेंद्र सिंह ने अपने-अपने विभागों की शैक्षणिक गतिविधियों और नए विषयों के महत्व को विस्तार से बताया। प्रो. सतीश ने छात्रावास और डीएसडब्ल्यू विभाग से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी साझा की।
इस कार्यक्रम में दोनों विभागों के विद्यार्थियों के साथ शोधार्थियों ने भी सक्रिय भागीदारी की। मंच संचालन डॉ. सतेंद्र ने किया जबकि समापन पर डॉ. ऋतु ने सभी वक्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम छात्रों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा, जिसने उन्हें शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सह-शैक्षणिक कार्यक्रमों के महत्व से भी अवगत कराया।

















