Haryana News: हरियाणा के गुरुग्राम नगर निगम जल्द ही शहर के अलग-अलग इलाकों में बने 500 से अधिक अवैध मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई करने जा रहा है। निगम की ओर से इन अवैध इमारतों को नोटिस भेजे जा चुके हैं और बताया गया है कि अगले सप्ताह से यह अभियान शुरू कर दिया जाएगा।
नगर निगम ने इस कार्रवाई की शुरुआत चार जोनों से करने का निर्णय लिया है, जिसमें हर जोन से पांच-पांच अवैध निर्माणों को तोड़ा जाएगा। इसके बाद शेष 500 इमारतों पर चरणबद्ध कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान निगम के अब तक के सबसे बड़े एनफोर्समेंट ड्राइव में से एक माना जा रहा है।
नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा, सील करने की बजाय अब सीधे तोड़फोड़ की कार्रवाई की जाएगी। चारों जोनों की एनफोर्समेंट टीम को निर्देश दिए गए हैं कि हर सप्ताह इस तरह की कार्रवाई की जाए।
नगर निगम का कहना है कि कई लोग किराये के लालच में बहुमंजिला इमारतें बना लेते हैं, जो न केवल गैर-कानूनी हैं, बल्कि भविष्य में आवासीय सुरक्षा और संपत्ति निवेश के लिए भी खतरनाक साबित होती हैं।
इस बीच, नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। नागरिकों का कहना है कि हॉबपास (ऑनलाइन भवन योजना पासिंग सिस्टम) पिछले दो महीने से काम नहीं कर रहा, जिसकी वजह से कानूनी तरीके से निर्माण की अनुमति नहीं मिल पा रही है। इससे लोगों को मजबूरन अवैध निर्माण का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।

















