Pyari Behna Scheme 2025: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में एक ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है. अब 100 दिन या उससे अधिक घरेलू सहायिका के रूप में काम कर चुकी महिलाओं और उनकी 21 वर्ष से अधिक उम्र की बेटियों को भी इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना का लाभ मिलेगा. इन महिलाओं को प्रति माह ₹1500 की पेंशन दी जाएगी, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सशक्त होगी.
प्राकृतिक फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने गेहूं का MSP ₹40 से बढ़ाकर ₹60 प्रति किलो और मक्का का ₹30 से बढ़ाकर ₹40 प्रति किलो कर दिया है. इसके अलावा, प्राकृतिक हल्दी का MSP ₹90 प्रति किलो तथा पांगी क्षेत्र की जौ का ₹60 प्रति किलो तय किया गया है. पांगी को राज्य का पहला प्राकृतिक खेती उपमंडल घोषित किया गया है.
बेरोजगारों को राहत
राज्य सरकार ने 422 स्टेज कैरिज रूट निजी ऑपरेटरों को आबंटित करने का निर्णय लिया है. इससे यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी और बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे.
शहरों में पार्किंग की समस्या का समाधान
कैबिनेट ने तय किया है कि बंद बेसमेंट मंजिलों को अब पार्किंग उपयोग के लिए खोला जा सकता है. यदि किसी ने पार्किंग स्थल का उपयोग अन्य कार्यों के लिए किया तो उस पर जुर्माना लगेगा और पार्किंग के लिए फ्लोर को बहाल करना अनिवार्य होगा.
हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में खुलेंगे नए विशेषज्ञ विभाग \
डॉ. राधाकृष्णन गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, हमीरपुर में नेफ्रोलॉजी, न्यूरोलॉजी और गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग स्थापित किए जाएंगे. इसके लिए 118 नए पदों का सृजन किया गया है.
कृषि विज्ञान केंद्रों में 43 नई नियुक्तियां
प्रदेश के विभिन्न कृषि विज्ञान केंद्रों में तकनीकी श्रेणी के 43 रिक्त पदों को भरा जाएगा. यह निर्णय कृषि शोध और विस्तार सेवाओं को मजबूत करेगा. Pyari Behna Scheme
हमीरपुर के सुजानपुर में खुलेगा जल शक्ति विभाग का नया डिवीजन
सुजानपुर (हमीरपुर) में जल शक्ति विभाग का नया डिवीजन खोला जाएगा. इससे जल परियोजनाओं के प्रबंधन और निष्पादन में तेजी आएगी.
पांगी में होम स्टे पंजीकरण पर छूट
नई होम स्टे नीति के तहत पांगी उपमंडल में होम स्टे पंजीकरण के लिए 50% शुल्क ही लिया जाएगा. इससे इस क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.
स्वास्थ्य सुविधाओं में होगा विस्तार
जयसिंहपुर (कांगड़ा) के आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र को 10 बिस्तरों वाले अस्पताल में स्तरोन्नत किया जाएगा.
पंजावर (ऊना) का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बदलेगा. दोनों के लिए पद सृजन और भर्ती की जाएगी.
वाटर सैस में राहत का निर्णय
राज्य सरकार ने 14 नई नगर पंचायतों और कुछ उन्नत नगर निकायों के विलय किए गए क्षेत्रों में ग्रामीण दर पर अगले तीन साल तक वाटर सैस वसूलने का निर्णय लिया है.
आईटीआई संस्थानों में होगा विलय
राज्य भर के 7 स्टेट ऑफ आर्ट और 7 महिला आईटीआई को संबंधित मुख्य आईटीआई संस्थानों में विलय किया जाएगा. इससे शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ेगी और संसाधनों का समुचित उपयोग हो सकेगा. Pyari Behna Scheme















