रेवाड़ी। जिले के गांव झाबुआ निवासी और वर्तमान में गुरुग्राम के बिलासपुर क्षेत्र में तैनात एसपीओ चरण सिंह साइबर ठगी का शिकार हो गए। साइबर अपराधियों ने एपीके फाइल के जरिए उनका मोबाइल फोन हैक कर बैंक खाते से करीब 2 लाख 25 हजार रुपये निकाल लिए। घटना का खुलासा तब हुआ जब उनके मोबाइल पर खाते से रकम कटने का मैसेज आया।
इसके बाद उन्होंने तुरंत संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।शिकायत में चरण सिंह ने बताया कि 11 फरवरी को उनके मोबाइल पर बैंक खाते से 2.25 लाख रुपये कटने का संदेश आया। जब उन्होंने फोन चेक किया तो उसमें ओटीपी भी प्राप्त हुआ था, जबकि उनका मोबाइल हर समय उनके पास ही रहता है।
उन्होंने आशंका जताई कि किसी संदिग्ध लिंक के माध्यम से उनके फोन में एपीके फाइल इंस्टॉल कर दी गई, जिससे फोन हैक हो गया और ठगों ने बैकग्राउंड में ट्रांजैक्शन कर रकम निकाल ली।
साइबर थाना प्रभारी फूल कुमार ने बताया कि एपीके फाइल सामान्य फाइलों जैसे जेपीजी या पीडीएफ की तरह दिखाई दे सकती है, लेकिन यह एक एप्लिकेशन पैकेज फाइल होती है, जिसे खोलते ही फोन की सुरक्षा से समझौता हो सकता है।
एक बार फोन हैक होने पर साइबर ठग दूर से ही बैंकिंग और अन्य संवेदनशील जानकारी तक पहुंच बना लेते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और एपीके फाइल कभी डाउनलोड या ओपन न करें। साथ ही बैंक से जुड़े मैसेज या ओटीपी आने पर तुरंत सतर्क रहें और संदेह होने पर साइबर हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क करें।

















