गुरुग्राम: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम से मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना को लेकर एक अहम अपडेट सामने आया है। गुरुग्राम नगर निगम क्षेत्र के जिन पात्र लाभार्थियों ने इस योजना के तहत आवेदन किया है, उनके लिए जरूरी सूचना जारी की गई है। लाभार्थियों को अपने सर्वे फॉर्म से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज 13 जनवरी दोपहर 2 बजे तक अनिवार्य रूप से पोर्टल पर अपलोड करने होंगे, ताकि समय रहते सत्यापित डाटा मुख्यालय भेजा जा सके।
गुरुग्राम के अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट ने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत जिले में करीब 6 हजार पात्र परिवारों को ईडब्ल्यूएस श्रेणी के फ्लैट वितरित किए जाएंगे। योजना के तहत आवेदन करने वाले लाभार्थी survey.hfaharyana.in पोर्टल पर अपनी एप्लिकेशन आईडी और पंजीकृत मोबाइल नंबर की मदद से लॉग-इन कर अपने दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं। प्रशासन की ओर से यह प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
जरूरी जानकारी
• 13 जनवरी दोपहर 2 बजे तक दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य
• गुरुग्राम में 6 हजार पात्र परिवारों को मिलेंगे EWS फ्लैट
• सालाना आय 1.80 लाख रुपये से कम होना जरूरी
• लाभार्थी के नाम पर पक्का मकान नहीं होना चाहिए
• survey.hfaharyana.in पोर्टल पर करना होगा लॉग-इन
एडीसी सोनू भट्ट ने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत वही परिवार पात्र माने जाएंगे, जिनकी वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये से कम है और जिनके नाम पर किसी भी स्थान पर पक्का मकान दर्ज नहीं है। यदि किसी लाभार्थी को सर्वे फॉर्म भरने या दस्तावेज अपलोड करने में किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वे एडीसी कार्यालय, जेडक्रीम टीम, सीपीएलओ या संबंधित कर्मचारियों से संपर्क कर सहायता ले सकते हैं।
6 हजार लाभार्थियों को मिलेंगे फ्लैट: प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार गुरुग्राम नगर निगम क्षेत्र में इस योजना के तहत कुल 12 हजार 384 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 11 हजार 294 आवेदनों का सत्यापन किया जा चुका है, जबकि 1 हजार 90 आवेदन अभी लंबित हैं। सत्यापन के बाद पात्र पाए गए करीब 6 हजार लाभार्थियों को ईडब्ल्यूएस फ्लैट आवंटित किए जाने हैं।
अंतिम तिथी 13 जनवरी: जिन लाभार्थियों ने अब तक अपने सर्वे फॉर्म पूरे नहीं किए हैं या आवश्यक दस्तावेज अपलोड नहीं किए हैं, वे 13 जनवरी दोपहर 2 बजे तक यह प्रक्रिया पूरी कर लें। निर्धारित समय सीमा के बाद अधूरे आवेदन स्वतः रद्द कर दिए जाएंगे।

















