रेवाड़ी: रेलवे में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। हरियाणा और दिल्ली से मेहंदीपुर बालाजी जाने वाले यात्रियों को अब एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों में सफर की बेहतर सुविधा मिलेगी। क्योकि उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर कई ट्रेनो को बांदीकुई और दौसा स्टेशनों पर अस्थायी ठहराव को मंजूरी दी गई है। सबसे अहम बात यह है कि श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा।

यात्रा होगी सुगम: उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन अमित सुदर्शन ने बताया कि हावड़ा–जोधपुर एक्सप्रेस और हावड़ा–बीकानेर सुपरफास्ट ट्रेन को बांदीकुई और दौसा स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया गया है। उन्होंने बताया कि ये दोनों ट्रेनें पहले से ही हरियाणा के रेवाड़ी और गुरुग्राम स्टेशनों पर रुकती हैं। अब बांदीकुई में ठहराव मिलने से रेवाड़ी, गुरुग्राम और आसपास के इलाकों से मेहंदीपुर बालाजी आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा और अधिक सुगम हो जाएगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह फैसला यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इसके अलावा पोरबंदर–दिल्ली सराय रोहिल्ला द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन को भी दौसा स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया गया है।
रेलवे ने यह भी बताया कि यह व्यवस्था फिलहाल प्रयोग के तौर पर लागू की गई है और आगामी आदेशों तक जारी रहेगी। श्रद्धालुओं को उम्मीद है कि यह सुविधा स्थायी रूप से जारी रखी जाएगी, जिससे धार्मिक यात्राओं में समय और संसाधनों की बचत हो सके।

















