Haryana: हरियाणा कांग्रेस ने अब एक महीने के अंदर जिलाध्यक्षों की नियुक्ति का लक्ष्य रखा है। पार्टी में वफादार और न्यूनतम 5 साल से सक्रिय सदस्य के रूप में काम कर रहे नेता जिलाध्यक्ष बनने के दावेदार रहेंगे। कांग्रेस के हरियाणा मामलों के प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि पार्टी 4 जून को राहुल गांधी के दौरे के स्वागत में जुटी है।
16 पूर्व विधायक सूची में शामिल
उन्होंने कहा कि 21 केंद्रीय पर्यवेक्षकों के साथ हरियाणा कांग्रेस में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। इनमें 69 ऑब्जर्वर और 8 अतिरिक्त ऑब्जर्वर लगाए हैं। कांग्रेस की ऑब्जर्वर की सूची में 16 पूर्व विधायक और एक पूर्व सांसद शामिल हैं। उन्होंने कहा कि एक ऑब्जर्वर के साथ तीन प्रदेश ऑब्जर्वर जिलों में जाएंगे, जो संगठन निर्माण के लिए फीडबैक लेंगे। बीके हरिप्रसाद के साथ प्रेस कांफ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष चौ़ उदयभान, कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष जितेंद्र कुमार भारद्वाज व सहप्रभारी जितेंद्र बघेल भी मौजूद रहे।
हरिप्रसाद ने कहा गुजरात में संगठन सृजन अभियान के तहत प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। पार्टी जल्दी ही जिलाध्यक्ष बनाने जा रही है, जिसके लिए अलग तरीका अपनाया जा रहा है। 5 साल तक जिसने भी सेवा की है वो, डिस्ट्रिक प्रेसिडेंट के लिए दावेदारी कर सकते हैं। एआईसीसी और पीसीसी ऑब्जर्वर उससे बात करेंगे। एप्लिकेशन फॉर्म भी पार्टी कार्यालय से ले सकते हैं। इसके इलावा जिला अध्यक्ष को सर्वसम्मति से भी बनाने का प्रयास रहेगा।
अगर एक नाम फाइनल नही हुआ है तो 3 से 4 नामों का पैनल जिलों से होगा। सेंट्रल इलेक्शन कमेटी में जिला अध्यक्ष भी बुलाया जाएगा, जिसके बाद टिकट वितरण होगा। एक महीने में नया जिला अध्यक्ष देखने को मिलेगा और इसके बाद प्रदेश की अन्य नियुक्तियां होंगी। हरियाणा में कांग्रेस विधायक दल के नेता से जुड़े सवाल पर हरिप्रसाद ने कहा केंद्रीय पर्यवेक्षकों की कमेटी ने अपनी रिपोर्ट हाईकमान को दे दी है। इस पर नेतृत्व फैसला करेगा। अगर जिलों में ऑब्जर्वर की विजिट में कोई अनुशासनहीनता हुई तो पार्टी द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
राहुल गांधी बुधवार को सुबह 11.10 बजे दिल्ली से चंडीगढ़ पहुंचेंगे। करीब 11.30 बजे वे पीसीसी मुख्यालय पहुंच जाएंगे और यहां करीब सवा दो बजे तक बैठकें करेंगे।
पहले हरियाणा कांग्रेस के 17 वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक होगी और फिर केंद्रीय पर्यवेक्षकों और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्ति राज्य स्तरीय पर्यवेक्षकों के साथ संगठन चुनाव पर चर्चा करेंगे।
बैठक में ये नेता होंगे शामिल
प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद, प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष धर्मबीर मलिक और फूलचंद मुलाना, राष्ट्रीय महासचिव और सांसद कुमारी सैलजा तथा रणदीप सिंह सुरजेवाला, सांसद दीपेंद्र हुड्डा, पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव, महेंद्र प्रताप सिंह, चेतन चौहान, चिरंजीव राव, प्रदीप नरवाल, विनित पूनिया, बलबीर पाल शाह और सुनील पंवार के साथ सभी सह प्रभारी बैठक में शामिल होंगे।
















