Punjab news: पंजाब में पुराने वाहनों को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, अब लोगों को पुराने वाहनों को स्क्रैप करवाने में बड़ी राहत मिलेगी और कोई परेशानी नहीं होगी क्योंकि राज्य के मोहाली, पटियाला और मानसा में नए वाहन स्क्रैप सेंटर शुरू हो गए हैं।
साथ ही हर जिले में एक कलेक्शन सेंटर भी खोला जाएगा, ताकि दूसरे जिलों के लोग भी इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
बताया यह भी जा रहा है कि अगर कोई व्यक्ति अपने पुराने वाहन को स्क्रैप करवाता है और उसके बाद नया इलेक्ट्रिक वाहन खरीदता है तो उसे रजिस्ट्रेशन फीस और मोटर व्हीकल टैक्स में पूरी छूट मिलेगी।
नए स्क्रैप सेंटर खुलने से अब 8 जिलों के लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। इन जिलों में मोहाली, पटियाला, मानसा, फतेहगढ़ साहिब, संगरूर, बरनाला, बठिंडा और श्री मुक्तसर साहिब शामिल हैं।
एक हिंदी अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब में अब तक कुल 1.39 करोड़ वाहन रजिस्टर्ड हो चुके हैं। इनमें से ज्यादातर वाहन 12 से 15 साल पहले रजिस्टर हुए थे। यही वजह है कि इन पुराने वाहनों को स्क्रैप करने के लिए यह नई सुविधा शुरू की जा रही है।

















